लातेहार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अफीम तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से 2.454 किलो अफीम बरामद की है। इसकी कीमत राष्ट्रीय बाजार में करीब 10 लाख रुपए आंकी गई है। बालूमाथ एसडीपीओ बिनोद रवानी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि दो तस्कर बारियातू थाना क्षेत्र से चतरा जिले के लावालौंग जा रहे हैं। इस सूचना पर बारियातू सीओ नंद कुमार राम और थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गई। चेकिंग के दौरान दो बाइक सवारों को पकड़ा पुलिस ने डाकादिरी मोड़ तीतर महुआ के पास वाहन चेकिंग के दौरान दो बाइक सवारों को पकड़ा। हीरो ग्लैमर बाइक से सुरेश कुमार यादव की डिक्की से 593 ग्राम और हीरो स्प्लेंडर प्लस से सेवा गंझू की डिक्की से 1.861 किलो गीला अफीम बरामद हुआ। दोनों आरोपी चतरा जिले के रहने वाले हैं। सुरेश यादव बांदु लावालौंग का और सेवा गंझू हेडुम लावालौंग का निवासी है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।


