देसूरी के नारलाई गांव में खेत की दीवार फांदते समय ट्रांसफर से टकराने पर करंट लगने से लेपर्ड की मौत हो गई। वन विभाग ने बताया कि करीब डेढ़ साल का लेपर्ड नारलाई पहाड़ टैरिटरी में विचरण करता था। जानकारी के अनुसार पकाराम सीरवी के खेत में छीणो की पट्टियों से बनी दीवार फांदते हुए लेपर्ड बिजली के ट्रांसफर से टकरा गया। जिससे वह करंट की चपेट में आ गया और मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही विद्युत विभाग के लाइनमैन भरत कुमार मौके पर पहुंचे और विद्युत फॉल्ट को ठीक किया। साथ ही, वन विभाग के रेंजर कानसिंह देवासी अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। वन विभाग ने लेपर्ड के शव को कब्जे में लेकर देसूरी रेस्क्यू सेंटर पहुंचाया। रेंजर कानसिंह देवासी ने बताया कि नर लेपर्ड की नारलाई पहाड़ टैरिटरी में मूवमेंट थी। बुधवार दोपहर को बेरा कारखाना के खेत में विचरण कर रहा था। दीवार फांदते समय ट्रांसफॉर्मर से टकराने के कारण वह करंट की चपेट में आ गया। वन विभाग के अनुसार, लेपर्ड के शव का गुरुवार को पोस्टमॉर्टम किया जाएगा। इसके बाद शव का अंतिम संस्कार किया जाएगा।


