जल संकट वाले इलाकों में टैंकर से दिया जाएगा पानी:अभी 65 टैंकरों से मुहल्लों में 2.8 लाख लीटर पानी पहुंचा रहा निगम, मई में 220 टैंकर लगाएगा

राजधानी रांची के जिन इलाकों में अभी से ही पानी का संकट है, वहां नगर निगम की ओर से टैंकरों के माध्यम से पानी दिया जा रहा है। मालूम हो शहर के जिन क्षेत्रों में सप्लाई पानी एवं मिनी एचवाईडीटी या एचवाईडीटी से लोगों को समुचित पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है, वैसे 65 स्थलों में टैंकरों के माध्यम से रोजाना जलापूर्ति कराई जा रही है। एक टैंकर से 4000 लीटर पानी पहुंचाया जाता है। इस तरह 65 टैंकरों से रोजाना 2.80 लाख लीटर पानी निगम लोगों को उपलब्ध करा रहा है। नगर निगम के जल शाखा के अधिकारी ने बताया कि इस बार प्रचंड गर्मी में नगर निगम की ओर से एक दिन में करीब 220 टैंकरों से पानी बांटा जाएगा। इसकी तैयारी की जा रही है। इससे लोगों को प्रचंड गर्मी में भी पानी की दिक्कत नहीं होगी। मई-जून के महीनों में निगम की ओर से रोज 10 लाख लीटर पानी पहुंचाने की तैयारी है। अधिकारी ने बताया कि तालाब या डैम से टैंकर में भर कर पानी नहीं बांटा जाएगा। पानी पूरी तरह से स्वच्छ, शुद्ध और पीने के योग्य होगा। मई-जून में यहां होगी आपूर्ति मई-जून की प्रचंड गर्मी में नगर निगम की ओर से शहरवासियों को जल संकट से बाहर निकालने के उद्देश्य से हरमू, मोरहाबादी, बड़गांई, भरम टोली, पत्थलकुदुवा, हिंदपीढ़ी क्षेत्र, नीचे कांटाटोली समेत वार्ड 3, 4, 17, 25, 26, 27, 28, 29, 37, 50, 51, 52, 53 के इलाकों में पानी दिया जाएगा। वहीं डीप बोरिंग का पानी इतनी अधिक पात्रा में निकाल कर नहीं बांटते हैं। इससे भू गर्भ जलस्तर पर भी असर पड़ता है। इसलिए लोगों की सेहत का ख्याल करते हुए सरफेस वाटर को ट्रीट कर स्वच्छ पानी बांटा जाएगा। इन छह स्थलों से लिया जाएगा पानी कांके डैम वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, यूजीआर 1 सिमलिया वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, लटमा हिल वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, सिरम टोली संप वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, रुक्का वाटर ट्रीटमेंट प्लांट और कांटाटोली संप वाटर ट्रीटमेंट प्लांट। निगम अभी इन इलाकों में टैंकर से भेज रहा पानी : रांची नगर निगम की ओर से इस समय जगन्नाथपुर, नेजाम नगर, हिंदपीढ़ी, वार्ड 26 के हरमू क्षेत्र, हरमू कॉलोनी, नीचे बस्ती, वार्ड 50 के हटिया, अपर हटिया, पटेल नगर, ओबरिया रोड, चाईबासा टोली, कचनार टोली, वार्ड 38 के सखुआ बगान, इंद्रा नगर, डैम साइड दुर्गा मंदिर, वार्ड 39 के धुर्वा जेपी मार्केट, बांग्ला स्कूल के पास, हरिओम नगर, जगन्नाथपुर समेत 65 चि​ह्नित क्षेत्रों में नगर निगम के टैंकरों के माध्यम से जलापूर्ति की जा रही है। रांची नगर निगम की ओर से अभी रोजाना 65 टैंकर से पानी बांटा जा रहा है। इस बार भी प्रचंड गर्मी यानी मई-जून में 200 से अधिक टैंकर से पानी का वितरण शहर में जल संकट से निपटने के लिए किया जाएगा। उस दौरान एक दिन में करीब 10 लाख लीटर तक पानी वितरित किया जाएगा । बोरिंग का पानी बांटने पर भू गर्भ जल पर इसका प्रभाव पड़ सकता है, इसलिए इसका ख्याल करते हुए सरफेस वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का स्वच्छ पानी बांटा जाएगा। – मनोज कुमार, जनसंपर्क पदाधिकारी, रांची नगर निगम

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *