रायपुर महापौर मीनल चौबे की मेयर इन काउंसिल की गुरुवार को पहली बैठक हुई। इसमें वित्तीय वर्ष 2025-26 के बजट, म्युनिसिपल बॉन्ड और कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स को लेकर चर्चा हुई। इसे सर्वसम्मति से पास भी किया गया। मेयर चौबे ने बताया कि, पहले चरण में नगर निगम लगभग 200 करोड़ का बॉन्ड बेचेगा। इसके पैसों से शंकर नगर में कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स और डूमरतराई में इलेक्ट्रॉनिक मार्केट का निर्माण किया जाएगा। इसमें जमीन समेत योजना की कुल लागत 225 करोड़ रु बताई गई है। वहीं 5 चरण में वार्ड का एक्शन प्लान तैयार किया जाएगा। बॉन्ड से बनने वाले प्रोजेक्ट बदले गए एजाज ढेबर के मेयर रहते पिछली परिषद की ओर से डिबेंचर बॉन्ड जारी कर 5 प्रोजेक्ट पर काम का फैसला था। इसमें अलग-अलग जगह पर 260 करोड़ रुपए की लागत से योजना तैयार की गई थी। इन सभी प्रोजेक्ट के लिए नगर निगम की ओर से पब्लिक को बॉन्ड बेचकर प्रोजेक्ट तैयार करना था। अब मेयर मीनल चौबे की एमआईसी ने 2 प्रोजेक्ट पर काम करने का फैसला लिया है। दूसरा बड़ा फैसला- वार्ड वार एक्शन प्लान इसके अलावा, शहर के 70 वार्डों की स्थिति सुधारने के लिए प्लानिंग कंसलटेंट नियुक्त किया जाएगा। इसके लिए वार्डों का सर्वे कर एक्शन प्लान तैयार किया जाएगा। कंसलटेंट कंपनी अगले 5 से 10 साल के लिए एक्शन प्लान तैयार कर नगर निगम को देगी। इसमें पार्षद जोन इंजीनियर के सुझाव के बाद एक्शन प्लान तैयार करेंगे। सभापति ने किया पदभार ग्रहण बता दें कि, बुधवार को नगर निगम सभापति सूर्यकांत राठौर ने अपना कामकाज संभाल लिया है। निगम मुख्यालय भवन में पहुंचते ही नए सभापति ने सबसे पहले पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने पदभार ग्रहण किया। इस दौरान निगम मुख्यालय के बाहर जमकर आतिशबाजी की गई। आकाश तिवारी की कांग्रेस वापसी कांग्रेस से निष्कासित पार्षद आकाश तिवारी की वापसी हो गई है। बुधवार को कांग्रेस भवन में राष्ट्रीय महासचिव और छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट की उपस्थिति में उनका निष्कासन रद्द किया गया। पार्टी से टिकट नहीं मिलने पर आकाश ने निर्दलीय चुनाव लड़ा और अच्छे वोटों से जीते। निगम में कांग्रेस के अब 8 पार्षद हो गए हैं। आकाश दूसरी बार पार्षद का चुनाव जीते हैं। कांग्रेस के सात पार्षदों में केवल संदीप साहू ही दूसरी बार चुनाव जीते हैं। बाकी पांच महिला और एक पुरुष पार्षद शेख मुशीर पहली बार चुनाव जीते हैं। ————————————- रायपुर MIC से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… रायपुर MIC मेंबर की घोषणा…लिस्ट में 5 महिलाएं,9 पुरुष:दीपक को लोककर्म, मनोज को नगरीय नियोजन, गिदवानी को मिला संस्कृति विभाग; जोन अध्यक्षों का इंतजार रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे ने मेयर इन काउंसिल (MIC) के सदस्यों की घोषणा की है। 14 सदस्यों में 5 महिलाएं और 9 पुरुष शामिल किए गए हैं। सभी सदस्यों को अलग-अलग विभाग बांटा गया है। मेयर मीनल चौबे ने कहा कि सभी सदस्य मिलकर रायपुर का विकास करेंगे। पढ़ें पूरी खबर


