फरीदकोट में किसानों का CM मान के खिलाफ प्रदर्शन:पुतले फूंके, बोले- बॉर्डर हरियाणा सरकार ने किए हुए थे बंद

पंजाब के फरीदकोट में किसानों ने सीएम भगवंत मान के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। संयुक्त किसान मोर्चा और किसान मजदूर संघर्ष कमेटी के आह्वान पर विभिन्न गांवों में किसानों ने सीएम के पुतले फूंके। किसानों का यह विरोध खनौरी और शंभु बॉर्डर पर पिछले 13 महीनों से चल रहे धरने को जबरन समाप्त किए जाने के विरुद्ध था। दो दिन पहले राज्य सरकार ने चंडीगढ़ में केंद्र सरकार के साथ बैठक के बाद प्रमुख किसान नेताओं को हिरासत में ले लिया था। फरीदकोट के गांव पक्का में भारतीय किसान यूनियन एकता सिद्धपुर के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला किसानों ने भी हिस्सा लिया। इस मौके पर प्रदर्शनकारी किसानों की अगुवाई कर रहे तेजा सिंह ,सोना सिंह मिश्रीवाला, राजपाल सिंह चंदबाजा, सुखमंदर सिंह मंडवाला, सुक्खा सिंह टहिना,जसविंदर सिंह, जगतार सिंह, जगसीर सिंह, शमशेर सिंह ने कहा कि सरकार द्वारा उन पर बॉर्डर बंद करके पंजाब का कारोबार प्रभावित करने के आरोप लगाए जा रहे है जबकि यह बॉर्डर किसानों ने नहीं बल्कि हरियाणा सरकार ने बंद किए हुए थे। किसान नेताओं का कहना है कि सरकार ने केंद्र के साथ मिलकर किसानों के साथ विश्वासघात किया है। किसान नेताओं ने आरोप लगाया कि धरना स्थल से हटाते समय पुलिस ने किसानों के ट्रैक्टर-ट्रॉली और अन्य सामान को नुकसान पहुंचाया, जिससे लाखों का नुकसान हुआ है। किसानों ने कहा है कि जब तक उनके नेताओं की रिहाई नहीं होगी, उनका संघर्ष जारी रहेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *