सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ने रेलमंत्री अश्वनी वैष्णव से मुलाकात कर सरगुजा संभाग में रेल सुविधाएं बढ़ाने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। सांसद ने अंबिकापुर से रेनूकुट तक रेल लाइन निर्माण की स्वीकृति, अंबिकापुर-दिल्ली ट्रेन का फेरा बढ़ाने सहित कई मांगें रखीं। सांसद चिंतामणि महाराज ने रेल सेवाओं के विस्तार की मांग को लेकर पत्र मंत्री को सौंपा है। इसमें ट्रेन संख्या 22407 (अंबिकापुर-दिल्ली) और 22408 (दिल्ली-अंबिकापुर) का संचालन सप्ताह में दो बार करने की मांग की है। साथ ही इस ट्रेन का रूट मैहर, सतना, चित्रकूट, बांदा, कानपुर होते हुए दिल्ली तक करने की मांग की है। इसके अलावा, इस ट्रेन में पैंट्री कार जोड़ने, स्लीपर कोच बढ़ाने की भी मांग की है। अंबिकापुर से ट्रेन का परिचालन करने की मांग
रेलमंत्री से ट्रेन संख्या 11201 और 11202 (शहडोल-नागपुर) का परिचालन अंबिकापुर से करने की मांग सांसद ने की है। साथ ही, सूरजपुर और विश्रामपुर रेलवे स्टेशनों के प्लेटफॉर्म की लंबाई बढ़ाने और उन्हें शेड से कवर करने की जरूरत बताई है।
अंबिकापुर रेल लाइन विस्तार की माँग सांसद महाराज ने अंबिकापुर को राष्ट्रीय रेल नेटवर्क से जोड़ने की जरूरत बताते हुए अंबिकापुर-रेणुकूट और अंबिकापुर-बरवाडीह रेल लाइन को शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया है। अंबिकापुर-रेनुकूट मार्ग की स्वीकृति से क्षेत्र को बनारस और दिल्ली से सीधा जोड़ा जा सकेगा, जिससे व्यापार, पर्यटन और औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलेगा। रेल नेटवर्क विस्तार से अयोध्या, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर और जगन्नाथ पुरी जैसे धार्मिक स्थलों तक सीधी पहुंच उपलब्ध होगी, जिससे पर्यटन को भी लाभ मिलेगा। इसके अलावा, सरगुजा और सिंगरौली के कोयला उत्पादक क्षेत्रों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी। इससे कोयला परिवहन में भी तेजी आएगी और यह परियोजना आर्थिक दृष्टि से अत्यधिक लाभकारी साबित होगी। सांसद ने रेलमंत्री से मांगों को शीघ्र पूरा करने का अनुरोध किया है।


