हुड्डा के पास खट्टर से करीब 5 गुना ज़्यादा संपत्ति:हरियाणा में 2 पूर्व CM की इमेज का प्रचार, BJP बोली-खट्‌टर ने प्रॉपर्टी दान की

भाजपा जहां विधानसभा में हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर सरकारी नौकरियों में भाई-भतीजावाद का आरोप लगा रही है, वहीं दूसरी ओर भाजपा से पूर्व सीएम मनोहर लाल को ईमानदारी की मिसाल बताया जा रहा है। भाजपा नेता दावा कर रहे हैं कि मनोहर लाल खट्टर ने अपनी सारी संपत्ति प्रधानमंत्री राहत कोष में दान कर दी है। इतना ही नहीं रोहतक में खट्टर के पैतृक मकान को लाइब्रेरी के लिए दान कर दिया है। लोकसभा चुनाव में दिए हलफनामे के मुताबिक मनोहर लाल खट्टर के पास 2.54 करोड़ रुपये की संपत्ति है। वहीं, भाजपा सरकारी नौकरियों में धांधली को लेकर पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर हमला बोल रही है। उनकी छवि को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। हरियाणा विधानसभा में हुड्डा पर आरोप लगाया गया कि यहां सिर्फ करीबी रिश्तेदारों को ही नौकरी दी गई। विधानसभा में मुख्यमंत्री सैनी से लेकर मंत्री और विधायक हुड्डा पर आरोप लगाते नजर आए। अब सदन के बाहर सोशल मीडिया पर भी यही प्रचार जारी है। 2 बार CM रहे हुड्‌डा और खट्‌टर के पास कितनी प्रॉपर्टी.. 1. खट्टर के पास 2.54 करोड़ रुपए की संपत्ति हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने 2024 के लोकसभा चुनाव में संपत्ति को लेकर हलफनामा दिया था, जिसमें 5 साल में उनकी आय में करीब 6 लाख रुपए का इजाफा हुआ था। लोकसभा चुनाव के लिए दाखिल हलफनामे में मनोहर लाल खट्टर ने अपनी पूरी संपत्ति 2.54 करोड़ रुपए बताई थी, जिसमें 40 लाख रुपए की कृषि भूमि और मकान शामिल है। मनोहर लाल खट्टर के पास न तो कार थी और न ही आभूषण। इतना ही नहीं, उनके पास जो मकान और जमीन है, वह भी उनके परिवार की है, उसमें परिवार का हिस्सा है। रोहतक की कलानौर तहसील के बनियानी गांव में उनकी 12 कनाल पुश्तैनी जमीन है, जिसकी कुल कीमत 35 लाख रुपए है। करीब 150 गज में बना उनका पुश्तैनी मकान इसी जगह पर है। जिसकी बाजार कीमत महज 5 लाख रुपए है। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री के कुल बैंक खातों की संख्या पर नजर डालें तो उनके पास 6 बैंक खाते हैं। जिसमें करीब 2.13 करोड़ रुपए नकद थे। इसके अलावा उनके पास 1.30 करोड़ रुपए की एफडी भी है। कोई केस नहीं: मनोहर लाल पर आज तक कोई FIR नहीं हुई है और न ही उन पर कोई कोर्ट केस चल रहा है। बेदाग खट्‌टर का अब इनकम सोर्स सैलरी, पैंशन और बैंक में रखे पैसों का इंटरेस्ट ही है। खट्‌टर की सालाना आमदनी 34.90 लाख रुपए है। खट्‌टर के मुख्यमंत्री रहते हुए भी उनकी आदमन में कोई अधिक बढ़ोतरी देखने को नहीं मिली है। उनकी तरफ से चुनाव आयोग को सौंपे गए एफिडेविट के अनुसार 2018-19 में उनकी आमदनी 28.95 लाख रुपए सालाना थी। जो अब तकरीबन 5.90 लाख बढ़कर 34.90 लाख हो गई। भूपेंद्र हुड्‌डा के पास 10.75 करोड़ की प्रॉपर्टी
2024 में हरियाणा में हुए विधानसभा चुनाव के अनुसार पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की चल और अचल संपत्ति 5 साल में करीब 4 करोड़ रुपए बढ़ी। इसमें 1 करोड़ 42 लाख चल संपत्ति और दो करोड़ 66 लाख अचल संपत्ति बढ़ी है। उनकी वर्ष 2019 में चल और अचल संपत्ति कुल 6 करोड़ 67 लाख रुपए थी, जो 2024 में बढ़कर 10 करोड़ 75 लाख रुपए हो गई है। भूपेंद्र सिंह हुड्डा की सालाना आय 2019 के मुकाबले 41 लाख से बढ़कर 60 लाख रुपए हो गई है। हालांकि उनकी पत्नी आशा हुड्डा अब भी उनसे ज्यादा अमीर हैं। भूपेंद्र सिंह हुड्डा के पास 1850 ग्राम सोना है, जिसकी कीमत 1 करोड़ 32 लाख रुपए है। 25 किलो चांदी भी है। हुड‌डा पर 8 केस चल रहे: हुड्‌डा के खिलाफ 8 केस दर्ज हैं, जो अलग-अलग अदालत में विचाराधीन हैं। 4 केसों में जांच सीबीआई कर रही है। 2015 व 2017 में दर्ज 2 केस में सीबीआई आरोप पत्र दाखिल कर चुकी है। किसी भी केस में अभी अदालत का फैसला नहीं आया है। हुड्डा के पास एक पिस्तौल, एक रिवॉल्वर व एक राइफल है। उनके पास 3 करोड़ 46 लाख की चल व 7 करोड़ 29 लाख की अचल संपत्ति है। इसमें उत्तराखंड के उधम सिंह नगर व रोहतक के खरावड़ गांव में कृषि योग्य जमीन है, जबकि द्वारका में फ्लैट व डी पार्क रोहतक पर दुकान है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *