भास्कर न्यूज |लुधियाना गुरु अंगद देव वेटरनरी एंड एनिमल साइंसेज यूनिवर्सिटी ने पशुपालन में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले किसानों को मुख्यमंत्री पुरस्कार दिए। वाइस चांसलर डॉ. जतिंदर पाल सिंह गिल ने विभिन्न संस्थानों के डीन, निदेशकों और प्रमुखों की मौजूदगी में यह सम्मान प्रदान किए। पूर्व सांसद और पंजाबी कलाकार मोहम्मद सदीक भी कार्यक्रम में शामिल हुए। डॉ. रविंदर सिंह ग्रेवाल, निदेशक प्रसार शिक्षा ने बताया कि पंजाब के किसानों से आवेदन मांगे गए थे। विशेषज्ञों की टीम ने फार्मों का दौरा कर नवीनतम और स्व-विकसित तकनीकों का निरीक्षण किया। बकरी पालन में लुधियाना के बलदेव सिंह संधू को पुरस्कार मिला। उन्होंने 2021 में फार्म शुरू किया। उनके पास 200 बकरियां, बकरे और मेमने हैं। उन्होंने ‘बीटल ब्रीडर्स क्लब’ भी बनाया।


