भास्कर न्यूज | सरायकेला दो दिवसीय जिलास्तरीय विकसित भारत युवा संसद 2025 का शुभारंभ काशी साहू महाविद्यालय, सरायकेला में शुक्रवार को किया गया। इस कार्यक्रम में सरायकेला-खरसावां और पूर्वी सिंहभूम जिले के 18-25 वर्ष के युवाओं ने भाग लिया। एक कड़ी चयन प्रक्रिया के बाद 150 उम्मीदवारों को जिलास्तरीय विकसित भारत युवा संसद 2025 में भाग लेने के लिए चयनित किया गया। इनमें से 10 उम्मीदवारों को राज्य स्तर की विकसित भारत युवा संसद 2025 के लिए चुना जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छात्र कल्याण पदाधिकारी, कोल्हान विश्वविद्यालय, चाईबासा डॉ सुरेश चंद्र दास रहे। विशेष अतिथि के रूप में एनएसएस समन्वयक, कोल्हान विश्वविद्यालय डॉ. दारा सिंह गुप्ता शामिल थे। नेहरू युवा केंद्र के जिला युवा अधिकारी क्षितिज व जिला युवा अधिकारी, पूर्वी सिंहभूम अंजलि कुमारी मुख्य रूप से उपस्थित रहीं। प्राचार्य डॉ बीके सिन्हा द्वारा अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ व स्मृति चिन्ह देकर किया गया। स्वागत संबोधन में प्राचार्य ने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया कि वे अपना बहुमूल्य समय देकर इस कार्यक्रम में उपस्थित हुए हैं। एनएसएस समन्वयक डॉ. दारा सिंह गुप्ता ने अपने वक्तव्य में बताया कि एक राष्ट्र एक चुनाव विषय पर विकसित भारत युवा संवाद 2025 का आयोजन काशी साहू महाविद्यालय सरायकेला में किया जा रहा है यह उन सभी प्रतिभागियों के लिए एक सुनहरा अवसर होगा कि वे अपना वक्तव्य के द्वारा राज्य स्तरीय तथा राष्ट्र स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा को दिखा पाएंगे और साथ ही उन्हें राज्य के मुख्यमंत्री तथा अन्य मंत्रियों, प्रधान मंत्री, केंद्र के अन्य मंत्रियों से मिलने का एवं अपनी विचार रखने का अवसर मिलेगा। यह कार्यक्रम सभी युवाओं के लिए एक मिल का पत्थर साबित होगा। जूरी सदस्य के रूप में डॉ कृष्णा प्यारे, डॉ बिनय कुमार सिंह, डॉ सुप्रभा टूटी, डॉ बसंत शुभांकर एवं डॉ शोभित रंजन ने मुख्य भूमिका निभाई। मंच का संचालन डॉ हर्षिता गुप्ता व सुष्मिता सिंहदेव ने किया। धन्यवाद ज्ञापन मनोज महतो एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी ने किया।


