नगर निगम ने सोमवार को पांडारोल नाला से अतिक्रमण हटाए जाने के लिए 41 लोगों को नोटिस जारी किए। यह नोटिस हाईकोर्ट में लगी एक पिटीशन के बाद हुए सर्वे के आधार पर कलेक्टर के निर्देश पर जारी हुए हैं। इसमें पठानवाड़ी, सिंधी बस्ती के लोगों को भी नोटिस मिले हैं, जबकि उनका कहना है कि हमें नगर निगम ने ही पट्टे दे रखे हैं फिर यहां से हटने के लिए नोटिस कैसा। गुरुवार दोपहर काफी संख्या में पठानवाड़ी, सिंधी बस्ती के रहवासी नगर निगम पहुंचे और निगम आयुक्त संदीप श्रीवास्तव को समस्या से अवगत कराया। नगर निगम ने ही दिए हैं पट्टे रहवासी असमा मुकरम ने कहा- नगर निगम 17 दिसंबर को नोटिस दिया, जिसमें जबलपुर में लगी रिट पिटीशन का हवाला दिया गया है। कहा गया कि सीमांकन के बाद आपके द्वारा वार्ड नंबर-40 गुरुनानक वार्ड सिंधी बस्ती से लालबाग के बीच पांडारोल नाले के दाएं दिशा की ओर 09.29 मीटर में स्थायी निर्माण कर अतिक्रमण किया गया है, जबकि हमें खुद नगर निगम ने पट्टे दिए हैं। वार्ड के अकरम खान सहित अन्य ने भी बात कही कि पट्टे खुद नगर निगम ने दिए फिर नोटिस देकर दो तीन दिन में मकान खाली करने के लिए क्यों कहा जा रहा है। पहले नगर निगम अफसरों ने क्या देखा। इन्हीं पट्टों के आधार पर यहां पीएम आवास का लाभ मिला है और लोगों ने पक्के मकान बनाए हैं। आयुक्त बोले- 41 लोगों को दिए नोटिस नगर निगम आयुक्त संदीप श्रीवास्तव ने कहा- नाले पर अतिक्रमण होने की शिकायत मिली थी। उच्च न्यायालय में याचिका ली थी। उच्च न्यायालय ने सीमांकन कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश जिला प्रशासन को दिए थे। इसके बाद प्रशासन ने नगर निगम, राजस्व विभाग से सीमांकन कराया। 41 लोगों का अतिक्रमण दाएं तरफ पाया गया। कुछ जगह प्रधानमंत्री आवास बने हैं। पट्टे भी जारी होने की जानकारी मिली है। अभी नोटिस जारी किए गए हैं, जवाब आएंगे, इसके आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।


