कपूरथला में शहीद-ए-आजम भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के शहीदी दिवस पर विभिन्न संगठनों ने श्रद्धांजलि अर्पित की। शहीद भगत सिंह चौक पर शहीद भगत सिंह यूथ क्लब के सदस्यों ने प्रतिमा का जलाभिषेक किया। सदस्यों ने केसरी पगड़ी पहनकर फूल मालाएं चढ़ाईं। ब्लड डोनर एनजीओ ने स्टेट गुरुद्वारा साहिब में रक्तदान शिविर का आयोजन किया। क्लब के सदस्यों ने शहीदों के विचारों को आधुनिक समाज में प्रासंगिक बताया। उन्होंने पंजाब की युवा पीढ़ी को नशे से बचाने का संकल्प लिया। क्लब के प्रधान विशाल राजपूत ने कहा कि शहीदों को सिर्फ पुष्प अर्पित करना ही काफी नहीं है। उनकी सोच को आगे बढ़ाते हुए समाज की कुरीतियों को खत्म करना ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी। कार्यक्रम में क्लब के पूर्व प्रधान रिंकू कालिया, चेयरमैन गुरमुख सिंह, अरुण खोसला, पार्षद करण महाजन समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


