नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन (एनबीई) की ओर से नीट सुपर स्पेशियलिटी (एसएस) की परीक्षा 29 व 30 मार्च को आयोजित की जाएगी। एडमिट कार्ड 25 मार्च को जारी किए जाएंगे। इस साल नीट एसएस में बड़ा बदलाव यह किया है कि स्टूडेंट्स सेक्शन को तय समय के बाद ही स्विच कर पाएंगे। परीक्षा में तीन सेक्शन आएंगे। प्रत्येक सेक्शन में पचास सवाल होंगे। हर सेक्शन को हल करने के लिए 50-50 मिनट का समय मिलेगा। 50 मिनट पूरे होने के बाद ही स्टूडेंट्स दूसरे सेक्शन के लिए स्विच कर पाएंगे। यदि कोई स्टूडेंट 50 मिनट से पहले एक सेक्शन के सभी सवाल हल कर लेता है , तब भी दूसरे सेक्शन में नहीं जा पाएगा। परीक्षा सीबीटी मोड में होगी। कुल 600 नंबरों का पेपर होगा। स्टूडेंट्स एमडी व एमएस करने के बाद यह परीक्षा देते हैं। इसके बाद किसी एक विषय में स्पेशलियटी हासिल कर सकते हैं। एनबीई ने नीट एसएस देने वालों के लिए डेमो टेस्ट पेपर रिलीज किया है। डेमो टेस्ट पेपर का पैटर्न अलग है। यहां प्रत्येक सेक्शन में पांच-पांच सवाल पूछे गए हैं। सेक्शन की संख्या तीन ही रखी गई है। डेमो टेस्ट से पहले स्टूडेंट्स को फॉर्म में करेक्शन का अवसर दिया गया था। करीब 40 से 50 फीसदी छात्रों ने अपनी व्यक्तिगत जानकारी में परिवर्तन किया है।


