टीबी मरीजों के नोटिफिकेशन में बढ़ोतरी के लिए झारखंड को मिला सम्मान

विश्व यक्ष्मा दिवस के उपलक्ष्य में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय भारत सरकार द्वारा दिल्ली के विज्ञान भवन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में देशभर से राज्यों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। टीबी उन्मूलन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले राज्यों को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर झारखंड को टीबी मरीजों के नोटिफिकेशन में बढ़ोतरी के लिए सम्मानित किया गया। राज्य की ओर से यह पुरस्कार राज्य यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. कमलेश कुमार ने प्राप्त किया। बताते चलें कि साल 2023 में राज्य में 60,547 टीबी रोगियों का नोटिफिकेशन किया गया था, जबकि 2024 में यह संख्या बढ़कर लगभग 63,755 हो गई। यह उपलब्धि झारखंड में चलाए गए सक्रिय टीबी खोज अभियान एवं 100 दिवसीय गहन टीबी खोज अभियान के प्रभावी संचालन का परिणाम है। यह अभियान राज्य के चार जिलों रामगढ़, हजारीबाग, सिमडेगा और गुमला में संचालित किया गया था। राज्य में टीबी उन्मूलन कार्यक्रम की नियमित समीक्षा स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अभियान निदेशक अबु इमरान द्वारा की जाती रही है। अभियान निदेशक ने इस उपलब्धि के लिए सभी पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *