अपनी ही पार्टी के नेता के खिलाफ खोला मोर्चा:भिलाई भाजपा जिलाध्यक्ष बोले- जेपी कर रहे अवैध वसूली, यादव बोले- मानहानि का केस करेंगे

भिलाई के भाजपा जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन ने अपनी ही पार्टी के पूर्व जिला मंत्री जय प्रकाश यादव के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने दुर्ग एसपी को शिकायत दी है। जिसमें जेपी यादव को पार्टी से निष्कासित बताया गया है। साथ ही यह कहते हुए कार्रवाई की मांग की गई है कि जेपी यादव राष्ट्रीय स्तर के पद पर होने का दावा कर अवैध वसूली और अनैतिक कार्य कर रहे हैं। इसके बाद जय प्रकाश यादव ने पलटवार किया है। उन्होंने मीडिया को भाजपा का सदस्य होने का नियुक्ति पत्र साझा किया और कहा कि जिलाध्यक्ष ने उनके खिलाफ अवैध वसूली का आरोप लगाया है। वो उससे संबंधित प्रमाण पेश करें। यदि ऐसा नहीं करते हैं तो वे उनके खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर करेंगे। उन्होंने यह भी कहा जिलाध्यक्ष ऐसा नहीं कर रहे हैं, बल्कि किसी व्यक्ति के इशारे पर ऐसा कर रहे हैं। जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन ने लगाए ये आरोप भाजपा जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन ने कहा कि जय प्रकाश यादव भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिला मंत्री रहे हैं। उन्होंने विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी रिकेश सेन के खिलाफ चुनाव लड़ा। इसके चलते पार्टी ने उन्हें 6 साल के लिए पार्टी की सदस्यता से निष्कासित कर दिया है। इसके बाद वो फिर से खुद को भारतीय जनता पार्टी का सक्रिय सदस्य बताने के साथ ही यह कह रहे हैं कि वे पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता है। उन्होंने कहा कि पद राष्ट्रीय स्तर का हो, राज्य स्तर का या जिला स्तर का पार्टी से उसकी सूची सभी जिलाध्यक्ष के पास आती है। उनके पास ऐसी कोई सूची नहीं है। इसलिए उन्होंने दुर्ग एसपी जितेंद्र शुक्ला को एक पत्र दिया है और जेपी यादव के खिलाफ जांच कार्रवाई की मांग की है। जेपी यादव ने दी मानहानि की चेतावनी भाजपा जिलाध्यक्ष की प्रेसवार्ता के बाद जय प्रकाश यादव ने मीडिया में अपना अधिकृत बयान जारी किया। उन्होंने कहा कि वो भाजपा के सक्रिय सदस्य हैं और जिस पद पर हैं उसके नियुक्ति पत्र भी उनके पास हैं। उन्होंने कहा कि जिलाध्यक्ष ने उनके ऊपर एक गंभीर आरोप लगाया कि मेरे द्वारा अवैध वसूली की जा रही है। उनको इसका प्रमाण प्रस्तुत करना होगा, नहीं तो वो उनके ऊपर मानहानि का मुकदमा दायर करेंगे। यादव ने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में वैशाली नगर विधान सभा से पार्टी ने जो टिकट दिया उससे असंतुष्ट हो कर उन्होंने चुनाव लड़ा। भाजपा के जिला अध्यक्ष ने गलत आरोप लगाए हैं। उन्होंने किसके इशारे पर किया है यह सब जानते हैं। जेपी ने कहा-फंसाने की कोशिश की गई बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता होने की बात को जय प्रकाश यादव ने सिरे से नकार दिया है। जेपी ने कहा कि कुछ लोगों ने उन्हें फंसाने के लिए उनका फेसबुक अकाउंट हैक किया। इसके बाद उन्हें राष्ट्रीय प्रवक्ता भाजपा बताकर दिखा दिया गया। उन्होंने पुलिस के आला अधिकारियों तक से इसकी शिकायत की थी। जेपी ने कहा कि मेरा फेसबुक अकाउंट हैक हुआ या नहीं इसकी जांच कर ली जाए। सच की जीत अपने आप हो जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *