सिरमटोली सरना स्थल के पास बन रहे फ्लाइओवर के रैंप को लेकर चल रहे विवाद मामले में मंगलवार को केंद्रीय सरना स्थल सिरम टोली बचाओ मोर्चा की बैठक हुई। जिसमें आगे की रणनीति बनाई गई। इसकी अध्यक्षता करते हुए अखिल भारतीय आदिवासी विकास परिषद की केंद्रीय महिला अध्यक्ष गीताश्री उरांव ने कहा कि फ्लाईओवर के रैंप को साजिश के तहत सरना स्थल के समक्ष उतारा गया है। इस वजह से सरहुल शोभायात्रा के दौरान भीड़ को संभालना मुश्किल होगा, रैंप के कारण वहां दुर्घटना भी हो सकती है। आंदोलन की अगुवाई कर रहे राहुल तिर्की, निरंजना हेरेंज टोप्पो, कुंदरसी मुंडा, पवन तिर्की एवं आकाश तिर्की, बबलू मुंडा, फूलचंद तिर्की सहित कई आदिवासी संगठनों ने संयुक्त रूप से कहा कि आदिवासी समाज धूमधाम से सरहुल मनाएगा। सरहुल झांकियों में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और अबुआ सरकार का विरोध किया जाएगा। यह भी निर्णय लिया गया कि अगर सरकार ने रैंप नहीं हटाया तो आदिवासी समाज स्वयं हटाएगा। कहा कि सरकार अपनी हठधर्मिता छोड़ कर फ्लाईओवर के रैंप को हटाए। अन्यथा आदिवासी समाज आर-पार की लड़ाई लड़ेगी। बैठक में सूरज टोप्पो, प्रेमशाही मुंडा, अनिता गाड़ी, विजय उरांव, नकुल तिर्की, रंजीत उरांव, सुशीला कच्छप समेत 40 से अधिक संगठनों के अगुवा शामिल हुए।


