लुधियाना| बाइक पर डिमांड ऑन डिलीवर करने वाले एक नशा तस्कर को थाना डिवीजन- 3 की पुलिस ने 26 ग्राम चिट्टे सहित कश्मीर नगर चौंक से गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान अंकेश कुमार (24) वासी शीतल कालोनी, ताजपुर रोड के रूप में हुई है। वह मोटरसाइकिल पर ऑन डिमांड चिट्टा बेचता था। मामले में जांच अधिकारी गुरमेल सिंह ने बताया, पुलिस के पास गुप्त सूचना थी कि आरोपी कश्मीर नगर चौंक में मोटरसाइकिल पर चिट्टा लेकर आ रहा है। इसके बाद पुलिस ने नाकाबंदी की और आरोपी पुलिस को देखते ही वह मौके से भागने की कोशिश करने लगा। लेकिन पुलिस ने उसे घेर कर धर दबोचा। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 26 ग्राम चिट्टा बरामद कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पिछले चार महीने से मोटरसाइकिल पर घूम-घूम कर चिट्टा बेचता था। आरोपी खुद भी चिट्टे का सेवन करता था। हालांकि, जल्द अमीर बनने की चाहत में वह अब नशे का कारोबार करने लगा था। पुलिस ने उसे सूचना के आधार पर पकड़ लिया और अदालत में पेश कर रिमांड हासिल किया।


