भास्कर न्यूज | राजिम गरियाबंद मार्ग में सोमवार रात करीब 6.40 बजे कार और तीन बाइकों की जबरदस्त टक्कर हो गई। इस हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। घटना के दूसरे दिन ग्राम जेंजरा में तीन युवाओं की चिताएं जलती देख वहाँ मौजूद लोग अपने आंसू नहीं रोक पाये। इस भीषण हादसे में दो परिवारों ने अपना इकलौता बेटा खो दिया तो वहीं एक युवक की दो दिन बाद सगाई होने वाली थी। दरअसल, सोमवार को राजिम क्षेत्र के ग्राम जेंजरा के रहने वाले नोम चंद साहू, शीतल साहू, घनश्याम साहू, पुरुषोत्तम कंवर और चंदूलाल कंवर पांचों तीन बाइक में सवार होकर राजिम गए थे। काम निपटाने के बाद सभी देर शाम वापस अपने ग्राम जेंजरा लौट रहे थे। वे शाम करीब 6.30 बजे ग्राम श्यामनगर और सुरसाबांधा के बीच पहुंचे थे कि गरियाबंद की ओर आ रही तेज रफ्तार ऑटो कार और तीनों बाइकों की टक्कर हो गई। बाइक एक के बाद एक कार से टकरा गई। एक बाइक तो कार के बोनट में चढ़ गई। हादसे के बाद लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस और एंबुलेंस को दी। संजीवनी 108 के माध्यम से सभी घायलों को राजिम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉक्टरों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल कार चालक समेत तीन युवकों को रायपुर रेफर किया गया, जहां एक युवक ने रास्ते में दम तोड़ दिया। इस दौरान परिजनों के अलावा बड़ी संख्या में ग्रामवासी अंतिम यात्रा में शामिल हुए। राजिम विधायक रोहित साहू, जिला पंचायत सदस्य इंद्रजीत महाड़िक, जनपद सदस्य हीरामणी हुलास साहू, जेंजरा के सरपंच बोधन यादव, पूर्व जिला पंचायत सदस्य चंद्रशेखर साहू, महेश साहू, ओंकार साहू सहित श्रद्धांजलि दी। घटना के दूसरे दिन मंगलवार को गांव में मातम का मंजर दिखा। तीनों युवकों के शव का पोस्टमार्टम होने के बाद गांव लाया गया, तो ग्रामीणों की आंखें भर आईं। पूरे गांव में मातम छा गया। शवों को देखकर मृतकों के परिजनों में चीख पुकार मच गई। तीनों युवकों की शव यात्रा एक साथ निकाली गई। मुक्तिधाम में तीन दोस्तों की चिताएं जलती देख पत्थर दिल इंसान भी अपने आंसू नहीं रोक पाया। ग्रामीण इस घटना को नहीं भूल पाएंगे। ग्राम के लोगों ने बताया कि आज तक कभी इस गांव में इस तरह का मातम नहीं पसरा था। ऐसा हादसा कभी नहीं हुआ था। इस घटना ने सबको झकझोर कर रख दिया। मृतकों की पहचान नोम चंद साहू (18 वर्ष), शीतल साहू (17 वर्ष) और घनश्याम साहू (15 वर्ष) के रूप में की गई है। वहीं पुरुषोत्तम कंवर के पैर में गंभीर चोट आई है। हादसे में घायल पुरुषोत्तम और नारायण कंवर का इलाज रायपुर में जारी है। कार चालक भी इस हादसे में घायल हुआ है लेकिन उसके स्वास्थ्य की जानकारी नहीं मिल पाई हैं। तीन युवकों की मौत से ग्राम जेंजरा सहित इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। नोम चंद साहू और शीतल साहू के परिवार ने अपना इकलौता बेटा खो दिया। मृतक नोमचंद साहू की शादी की तैयारी चल रही थी। उसकी बुधवार को सगाई होने वाली थी।


