बालोद में 108 कुंडीय राष्ट्र जागरण गायत्री महायज्ञ की तैयारी शुरू हुई

भास्कर न्यूज | बालोद अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के मार्गदर्शन में 8 से 11 दिसंबर तक बालोद में 108 कुंडीय राष्ट्र जागरण गायत्री महायज्ञ होगा। इसकी तैयारी के लिए गांव-गांव में दीपयज्ञ के माध्यम से प्रचार किया जा रहा है। शनिवार को ग्राम भेंगारी में कार्यक्रम हुआ। गायत्री परिवार के प्रतिनिधि राजेंद्र कुमार सिन्हा ने कहा कि यज्ञ से वातावरण में दिव्यता आती है। भगवान कृष्ण ने राजसूय यज्ञ किया। भगवान राम ने अश्वमेध यज्ञ किया, जिससे राष्ट्र में सतयुग और रामराज्य स्थापित हुआ। आज अनाचार और भ्रष्टाचार तेजी से बढ़ रहा है। इसे मिटाने के लिए यज्ञ ही एकमात्र उपाय है। गायत्री परिवार कई वर्षों से छोटे-बड़े अश्वमेध यज्ञ कर रहा है। बालोद नगर में भी अश्वमेधीय यज्ञ होगा। इसे सफल बनाने के लिए गांवों में युवा मंडल और महिला मंडल बनाए जा रहे हैं। महायज्ञ के दौरान गुरुदीक्षा संस्कार, पुंसवन संस्कार, विद्यारंभ संस्कार, मुंडन संस्कार सहित अन्य संस्कार निशुल्क कराए जाएंगे। बारिश के समय 5000 पौधरोपण का संकल्प लिया गया है। नशामुक्ति के लिए छोटे-छोटे युवा जागरण शिविर लगाए जाएंगे। चार दिवसीय महायज्ञ में निशुल्क यजमान बनने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसमें गायत्री महामंत्र और महामृत्युंजय मंत्र की आहुति दी जाएगी। वरिष्ठ कार्यकर्ता मानसिंह साहू ने कहा कि यज्ञ में देवपूजन, संगतिकरण और दान का विशेष महत्व है। कार्यक्रम में हीरकमंडल प्रमुख नरेश कुमार साहू, देवधर साहू, यशवंत साहू आदि उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *