विश्व क्षय दिवस पर जागरूकता गतिविधियां आयोजित
अनूपपुर। कलेक्टर हर्षल पंचोली के निर्देशन में प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जिले में विश्व क्षय दिवस 24 मार्च को विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित हुईं। विश्व क्षय दिवस के अवसर पर अनूपपुर जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पुष्पराजगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर. के. वर्मा ने आम जन को राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के विषय में जागरूक किया। इसी तरह जिला क्षय केंद्र अनूपपुर के सभागार में संगोष्ठी एवं विकासखण्ड अनूपपुर के ग्राम पंचायत मौहरी में जागरूकता रैली एवं क्षय संबंधित समस्याओं हेतु कैम्प का आयोजन किया गया। जिसमें सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. एस.बी. अवधिया, जिला क्षय अधिकारी डॉ. एस.सी. राय, सर्जन डॉ. साकेत कौशिक, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अलका तिवारी, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. उषा किरण कौशिक, जिला कार्यक्रम समन्वयक राजेश पटेल सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे। कार्यक्रम में जिला क्षय अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत जिले को वर्ष 2025 तक टीबी मुक्त बनाया जाना है। ताकि दुनिया की सबसे घातक संक्रामक बीमारी, तपेदिक (टीबी) को खत्म करने की तत्काल आवश्यकता पर जोर दिया जा सके। टीबी दुनिया भर में लाखों लोगों को तबाह कर रही है, जिससे गंभीर स्वास्थ्य, सामाजिक और आर्थिक परिणाम सामने आ रहे हैं। टीबी एक संक्रामक वायुजनित रोग है, जो मुख्य रूप से माइकोबैक्टीरियम ट्यूबरकुलोसिस के कारण होता है जो अक्सर फेफड़ों को प्रभावित करता है। टीबी हवा के माध्यम से फैलता है जब फेफड़ों से टीबी से पीड़ित व्यक्ति खांसता, छींकता या थूकता है। संक्रमित होने के लिए एक व्यक्ति को केवल कुछ कीटाणुओं को सांस में लेने की आवश्यकता होती है। जिला क्षय अधिकारी ने बताया कि वर्ष 2024 में 100 टीबी मुक्त पंचायत एवं राज्य स्तरीय लक्ष्य 1500 के विरूद्ध 1370 (91.33 प्रतिशत) की उपलब्धि जिला अनूपपुर ने प्राप्त की थी एवं वर्तमान वर्ष 2025 में अब तक 1300 लक्ष्य के विरूद्ध 480 (36.92 प्रतिशत) टीबी मरीज इलाजरत है। अनूपपुर जिले में 100 दिवसीय निक्षय शिविर के दौरान अनूपपुर जिले की वल्नरेबल जनसंख्या 193083 लोगों की स्क्रीनिंग कर 7102 एक्स रे एवं 8059 सीबी नॉट जांच की गई। साथ ही 219 निक्षय मित्र बनाये गये जिनके द्वारा 855 मरीजों को फूड बास्केट वितरण कराया गया। विश्व क्षय दिवस के अवसर पर जन जागरूकता हेतु जिले के अन्य सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में भी रैली एवं कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।


