योजनाओं की धीमी गति पर डीसी नाराज लापरवाही करने वालों पर होगी कार्रवाई

भास्कर न्यूज | गुमला गुमला उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी बुधवार की दोपहर नगर परिषद कार्यालय पहुंचे। जहां अधिकारियों-कर्मियों के साथ बैठक की। इस दौरान बिंदुवार योजनाओं की समीक्षा की और योजनाओं की धीमी गति पर नाराजगी प्रकट की। आगामी त्योहारों के मद्देनजर साफ-सफाई, बिजली, पेयजल जैसी व्यवस्थाओं में कोताही नहीं बरतने का निर्देश दिया। अनुपस्थित कर्मियों पर कार्रवाई और नागरिकों के शिकायत पर त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया। उन्होंने सभी कनीय अभियंता, सहायक अभियंता एवं अन्य कर्मियों से उनके कार्यक्षेत्र की विस्तृत जानकारी ली। प्रधानमंत्री आवास योजना राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन तथा स्वच्छ भारत मिशन आदि की प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा भी की। अर्बन पुवर की संख्या लगभग 100 होने पर नाराजगी व्यक्त की। कहा कि इस योजना में प्रस्तुत आंकड़ों में सटीकता की कमी है। रिपोर्ट में केवल कागजी कार्रवाई नहीं करें बल्कि वास्तविक धरातलीय सर्वेक्षण के आधार पर रिपोर्ट तैयार किया जाए। उपायुक्त ने 386 स्वयं सहायता समूह में से केवल 250 एसएचजी के क्रेडिट लिंकेज की धीमी प्रगति पर असंतोष जताया। कर्मियों को निर्देश दिया कि सभी का शत-प्रतिशत क्रेडिट लिंकेज सुनिश्चित किया जाए। बैठक में यह भी बताया गया कि अब तक केवल 53 लोगों को द्वितीय क्रेडिट लिंकेज प्रदान किया गया है। अगले माह पुन: समीक्षा बैठक करने की बात भी कही। मौके पर प्रशासक सारजेन मरांडी, सिटी मैनेजर हेलाल अहमद, एई मनीष कुमार, सीएमएम राहिल डुंगडुंग सहित सभी कर्मी मौजूद थे। पीएम आवास के लाभुकों के लिए जारी करें हेल्पलाइन उपायुक्त ने प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों की सहायता हेतु एक विशेष हेल्पलाइन नंबर जारी करने के निर्देश दिए ताकि योजना से संबंधित शिकायतों का शीघ्र समाधान किया जा सके। साथ ही नगर परिषद क्षेत्र में सफाई, स्ट्रीट लाइट एवं अन्य नागरिक समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु एक और हेल्पलाइन नंबर जारी करने का निर्देश दिया। कहा कि प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए एवं नागरिकों को उचित रिस्पॉन्स दिया जाए। शिकायतों का तुरंत निपटारा उपायुक्त ने नगर परिषद क्षेत्र में प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों के निष्पादन की पुष्टि हेतु मौके पर ही रैंडम कॉल के माध्यम से आवेदकों से संपर्क किया एवं कार्य की स्थिति की जांच की। उपायुक्त ने इस दौरान आवेदकों से प्राप्त कम शिकायतों पर भी चिंता व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जारी किए जाने वाले शिकायत निवारण हेल्पलाइन नंबर का अधिक से अधिक प्रचार प्रसार किया जाए। बंदोबस्ती एवं राजस्व संग्रहण की भी जानकारी ली। लापरवाह कर्मी पर होगी सख्त से सख्त कार्रवाई : उपायुक्त उपायुक्त ने प्रशासक को निर्देशित किया कि सभी कर्मियों के कार्यों की गहन समीक्षा करें एवं अधिकारियों सहित सभी कर्मी भी नियमित रूप से फील्ड विजिट करें एवं शहरी क्षेत्र के समस्याओं को स्वयं जाकर देखे एवं उन समस्याओं का निवारण करें। उन्होंने स्पष्ट रूप से निर्देश दिया कि जिन भी कर्मियों द्वारा अपने दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही की जाएगी। उनपर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *