भास्कर न्यूज | सोनहत ब्लॉक मुख्यालय में संचालित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी बीएमओ श्रेष्ठ मिश्रा की कार्यशैली को लेकर लगातार शिकायत मिल रही हैं। इसे लेकर बुधवार को जिला पंचायत सदस्य सुरेश सिंह, जनपद अध्यक्ष आशा सोनपाकर समेत अन्य जनपद सदस्यों ने बीएमओ को हटाने की मांग कर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि बीएमओ सोनहत मुख्यालय में न रहकर जिला मुख्यालय बैकुंठपुर से काम कर रहे हैं। सोनहत वनांचल क्षेत्र है, जहां गरीबों को उचित इलाज नहीं मिल पा रहा। हाल ही में एक ऑडियो वायरल हुआ, जिसमें स्वास्थ्य केंद्र के एक कर्मचारी ने फोन पर अपने ही सहकर्मी को श्रेष्ठ मिश्रा का नाम लेकर धमकी दी। फोन-पे से पैसे ट्रांसफर करने की बात भी सामने आई। इस वीडियो के वायरल होने के बाद से ग्रामीण क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों में रोष बढ़ रहा है। जनप्रतिनिधियों ने बताया कि बीएमओ को लेन-देन की जानकारी थी, इसलिए उन्होंने अब तक उस कर्मचारी पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। मामले में एसडीएम सोनहत को जांच कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया है। ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच कर बीएमओ को जल्द से हटाने की मांग की है। अपनी मांगों का ज्ञापन एसडीएम को सौंपते हुए जनप्रतििनधि और अन्य।


