ठेकेदार का ठेका रद्द करेंगे व अधिकारियों की जांच होगी

भास्कर न्यूज | लुधियाना एशिया की सबसे बड़ी सब्जी मंडी, जालंधर बाईपास, लुधियाना में सफाई व्यवस्था चरमरा चुकी है। 12 अलग-अलग जगहों पर कूड़े के ढेर लगे हैं, जिससे व्यापारी और ग्राहक परेशान हैं। सफाई का जिम्मा संभालने वाली कंपनी बीते 4 महीने से कूड़ा नहीं उठा रही, लेकिन मार्केट कमेटी के अधिकारी चुप्पी साधे बैठे हैं। अब मार्केट कमेटी के चेयरमैन गुरजीत सिंह गिल ने इस गड़बड़ी पर सख्त नाराजगी जताते हुए दोषी अधिकारियों की जांच कराने और सफाई ठेकेदार पर कार्रवाई करने की बात कही है। उन्होंने ऐलान किया कि कंपनी का टेंडर रद्द कर उस पर भारी जुर्माना लगाया जाएगा। गिल ने कहा कि 1 अप्रैल से नई कंपनी को सफाई का टेंडर देने की योजना बनाई जा रही है, लेकिन यह सुनिश्चित किया जाएगा कि नई कंपनी के पास इस काम का अनुभव हो। सूत्रों के मुताबिक, मौजूदा पार्किंग ठेकेदार को ही अधिकारियों की मिलीभगत से सफाई का टेंडर देने की तैयारी की जा रही है। गिल ने स्पष्ट किया कि इस संदिग्ध लेन-देन की भी जांच की जाएगी ताकि सफाई व्यवस्था को पारदर्शी बनाया जा सके। मंडी में फैली गंदगी से व्यापारियों और ग्राहकों में भारी रोष है। सफाई को लेकर चेयरमैन ने मेयर से की अपील:: मार्केट कमेटी के चेयरमैन गुरजीत सिंह गिल ने नगर निगम मेयर से अपील की है कि वे सब्जी मंडी का कूड़ा नगर निगम के डंपिंग ग्राउंड में फेंकने की अनुमति दें, ताकि मंडी को एक बार पूरी तरह से साफ किया जा सके। उन्होंने कहा कि मंडी में व्याप्त भ्रष्टाचार पर जल्द ही कड़ा एक्शन लिया जाएगा, लेकिन फिलहाल उनके हाथ बंधे हुए हैं क्योंकि उनकी नियुक्ति की अधिसूचना (नोटिफिकेशन) अभी जारी नहीं हुई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *