लुधियाना | जतिन्दरा ग्रीन फील्ड स्कूल, गुरुसर सुधार में 27 मार्च 2025 को 50 से अधिक गांवों के सरपंचों के लिए सामाजिक जागरूकता सम्मेलन आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में स्थानीय पत्रकारों ने भी भाग लिया। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य तेजी से बढ़ती मोबाइल लत, ऑनलाइन धोखाधड़ी, डिजिटल साक्षरता और संतुलित आहार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूकता फैलाना था। प्रधानाचार्य चंद्रशेखर ने गांवों के साथ सहयोग बढ़ाने और सामूहिक प्रयासों से सामाजिक चुनौतियों का समाधान करने पर जोर दिया। सम्मेलन में विशेषज्ञों ने मोबाइल की लत और ऑनलाइन धोखाधड़ी पर विशेष सत्र लिए। बताया गया कि कैसे अत्यधिक मोबाइल उपयोग युवाओं के मानसिक और सामाजिक स्वास्थ्य को प्रभावित कर रहा है। साइबर विशेषज्ञों ने मोबाइल और बैंकिंग धोखाधड़ी से बचने के लिए जरूरी सावधानियों पर जानकारी दी। हैप्पी टिफिन और पौष्टिक आहार पर चर्चा में संतुलित आहार के महत्व को बताया गया। स्कूल प्रबंधन ने कहा कि छात्रों के स्वास्थ्य को बनाए रखने के लिए सही खानपान जरूरी है। बैंकिंग क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों ने बैंकिंग योजनाओं और लोन स्कीमों की जानकारी दी, जिससे गांवों के लोग सही वित्तीय निर्णय ले सकें। स्कूल अध्यक्ष डॉ. एचएस धालीवाल और प्रबंध निदेशक डॉ. मनप्रीत कौर धालीवाल ने कहा कि स्कूल और गांवों का सहयोग क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण है। सम्मेलन का समापन इस संकल्प के साथ हुआ कि सभी प्रतिभागी जागरूकता बढ़ाने और सामाजिक सुधार में अपनी भूमिका निभाएंगे।


