पहले लाइन पर गिरा तिरपाल, फिर जली केबल, 6 घंटे बिजली बंद

भास्कर न्यूज | अमृतसर वीरवार दोपहर 3 बजे चली हलकी हवा के कारण लोहारका रोड 220 केवी से चलकर रणजीत एवेन्यू आने वाली लाइन पर एक तिरपाल गिर गया। इससे 66 केवी रणजीत एवेन्यू की बिजली बंद हो गई, जिसे ढ़ाई घंटे के बाद हटाकर लाइन चालू की गई। वहीं शाम 5 बजे रणजीत एवेन्यू बिजली घर के बाहर से गुजरने वाली केबल जल गई। जिससे इलाके में अंधेरा छाया रहा। शाम 5 बजे बंद हुई बिजली रात 9 बजे के बाद चालू हो सकी। तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली। 6 घंटे बिजली बंद होने पर नोडल कंप्लेंट सेंटर में 1000 से ज्यादा शिकायतें आई। जानकारी के मुताबिक वीरवार दोपहर 3 बजे लोहरका बिजली घर के टावर नंबर 9 में एक तिरपाल गिर गया। जिससे रणजीत एवेन्यू 66 केवी बिजली घर की सप्लाई बंद हो गई। इसका पता चलते ही पावरकॉम के टेक्निकल स्टाफ ने ग्वालमंडी बिजली घर से बैक फीडिंग लेकर 2 घंटे बाद बिजली चालू कर दी। तिरपाल हटाने के बाद जैसे ही रणजीत एवेन्यू बिजली घर चालू की तो इसके बाहर केबल जल गई। जिसे ठीक करने को पावरकॉम कर्मियों को क्रेन का सहारा लेना पड़ा। कर्मचारियों ने क्रेन पर बैठकर जली केबल काटी और उसे रिपेयर किया और रात 9 बजे के बाद बिजली चालू हो सकी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *