बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर में बैंक से पैसा निकाल वापस घर पहुंचे वृद्ध किसान से युवकों ने एक लाख रुपए लूट लिया और भाग निकले। युवकों ने किसान के चेहरे पर मोमोज की तीखी चटनी फेंक दी, जिससे वह हड़बड़ा गया। आशंका है कि लुटेरों ने बैंक से ही किसान का पीछा किया था। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। जानकारी के मुताबिक, नगर पंचायत वाड्रफनगर के वार्ड क्रमांक 11 निवासी किसान मोहन सिंह मरावी (70) शुक्रवार को पैसा निकालने के लिए ग्रामीण बैंक गए थे। उन्होंने अपने खाते से एक लाख रुपये का आहरण किया और पैसे बैग में रखकर अपने घर पहुंचे। मोहन सिंह मरावी ने जैसे ही पैसे से भरा बैग लेकर घर के अंदर घुसे, बाइक सवार दो युवकों ने उनके चेहरे पर मोमोज की तीखी चटनी फेंक दी। रुपयों से भरा बैग लेकर भाग निकले युवक
युवकों ने मोहन सिंह मरावी पर बैंक से निकलने के बाद भी चटनी फेंकी थी, लेकिन उन्होंने ध्यान नहीं दिया। घर पहुंचकर वे रूपयों से भरा बैैग अपनी नातिन को देने की कोशिश की, उसी दौरान बाइक सवार युवकों में से एक ने रूपयों से भरा बैग छीन लिया और बाहर भागा। युवक बाइक में सवार होकर मौके से भाग निकले। CCTV फुटेज की जांच कर रही पुलिस
दिन-दहाड़े लूट की घटना की सूचना मिलने पर वाड्रफनगर चौकी प्रभारी धीरेंद्र तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बैंक एवं आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की। सीसी कैमरों में आरोपी युवक कैद हुए हैं, हालांकि उनका चेहरा स्पष्ट नहीं है। CCTV फुटेज की जांच में पता चला कि बाइक में तीन युवक सवार थे। उनमें से एक युवक ने घर में घुसकर वृद्ध किसान के हाथों से बैग छीना और तीनों युवक बाइक में सवार होकर भाग निकले। पुलिस युवकों की तलाश कर रही है।


