बच्चों के खाने-पीने में नखरों से हो रही पोषक तत्वों की कमी

भास्कर न्यूज|लुधियाना बच्चों के खाने-पीने में नखरे उनके शरीर में पोषक तत्वों की कमी का कारण बन रहे हैं। यह समस्या कई माता-पिता के लिए चिंता का कारण बनती जा रही है, क्योंकि आजकल बच्चे खाने के मामले में बहुत ज्यादा परेशान करते हैं। हेल्दी फूड की बजाय जंक फूड का सेवन करना पसंद करते हैं। जबकि उनके ओवरऑल ग्रोथ के लिए हेल्दी फूड का सेवन बहुत ही ज्यादा जरूरी है और बच्चों का सही पोषण ही उनके स्वस्थ और उज्ज्वल भविष्य की कुंजी है। सोनिया कोचर, डाइटिशियन के मुताबिक बच्चों की खाने की आदतों को समझना चाहिए और उन्हें सही पोषण देने के प्रयास किए जाने चाहिए। अगर बच्चा खाने में नखरे करता है, तो उसे जबरदस्ती खिलाने की बजाय उसके साथ सकारात्मक माहौल बनाएं। खाने के समय बच्चे के साथ बैठकर खाएं और उसे प्रोत्साहित करें। बच्चों के लिए छोटे-छोटे हिस्से में खाना परोसें, ताकि वे आसानी से खा सकें। अगर बच्चे की भूख लगातार कम हो रही है या वह किसी भी तरह का खाना नहीं खा रहा, तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लें। हो सकता है कि इसके पीछे कोई स्वास्थ्य समस्या हो, जिसे समय रहते ठीक करना जरूरी है। सबसे पहले यह जानना जरूरी है कि बच्चा क्यों खाना नहीं खा रहा। कई बार बच्चे एक ही तरह के खाने से ऊब जाते हैं। ऐसे में भोजन में विविधता लाने की कोशिश करें। बच्चों के लिए रंग-बिरंगे और स्वादिष्ट व्यंजन तैयार करें, जिससे उनका ध्यान खाने की तरफ आकर्षित हो। उदाहरण के लिए, सब्जियों को रोचक आकार में काटकर या उनका सूप बनाकर दिया जा सकता है। कुछ बच्चों को भूख कम लगती है। इसका कारण पेट में कीड़े हो सकते हैं। ऐसे में परामर्श के बाद दवा दें। इसके अलावा, बच्चों को शारीरिक गतिविधियों में शामिल करना भी जरूरी है। खेलकूद से न केवल उनकी भूख बढ़ती है, बल्कि उनका शारीरिक और मानसिक विकास भी होता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *