भास्कर न्यूज | राजनगर राजनगर प्रखंड क्षेत्र में ज़ब से प्रज्ञा केंद्र, कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) में आधार कार्ड बनना बंद हुआ है। लोगों के लिए मुश्किलें बढ़ गई है। अब सिर्फ प्रखंड कार्यालय में ही सरकार की यूआईडीएआई वेबसाइट पर ही आधार कार्ड का आवेदन हो रहा है। इससे आधार कार्ड बनाने एवं सुधारने के लिए प्रखंड मुख्यालय लोगों की काफी भीड़ उमड़ रही है। पूरे प्रखंड क्षेत्र से आधार कार्ड बनाने के लिए लोग ब्लॉक पहुंच रहे हैं। लोग तीन-तीन बजे रात से आकर अपना लाइन लगा रहे हैं। इसके बावजूद लोगों को चार पांच दिन का चक्कर काटना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार अब किसी प्रज्ञा केंद्र में आधार कार्ड नहीं बन रहा है। बताया जा रहा है कि प्रज्ञा केंद्र कॉमन सर्विस सेंटर चलाने वाली एजेंसी और सरकार के बीच आधार कार्ड के लिए जो एकरारनामा हुआ था। वह ख़त्म हो गया है।पंचायतों में ज़ब से आधार सुविधा केंद्र बंद हो गए हैं। ब्लॉक में भीड़ बढ़ गई है। हर कोई पहले काम कराने के चक्कर में सारे काम छोड़ कर भोर सुबह ही प्रखंड कार्यालय पहुंचकर अपना सीरियल लगा रहे हैं। दिन भर बिताने के बाद भी लोगों का काम नहीं हो रहा है। आधार के लिए चार पांच दिन ब्लॉक का चक्कर लगाना पड़ता है। तब जाकर काम हो पाता है।


