भास्कर न्यूज | गढ़वा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तत्वाधान में शहर के मेलोडी मंडप में एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें प्रबुद्ध जनों ने हिंदू नव वर्ष को लेकर अपने विचार रखे। संगोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि हिंदू नव वर्ष चैत्र शुक्ल प्रतिपदा से आरंभ होता है, लेकिन आधुनिकता के प्रभाव में लोग इसे भूलते जा रहे हैं और पहली जनवरी को ही नया साल मानते हैं। गोष्ठी में समाज के विभिन्न वर्गों के लोग उपस्थित थे, जिन्होंने इस विषय पर गहन चर्चा की। वक्ताओं ने कहा कि यह दिन ऐतिहासिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है। इसी दिन ब्रह्मा जी ने सृष्टि की रचना की थी और विक्रम संवत का आरंभ भी हुआ था। साथ ही, नवरात्रि की शुरुआत भी इसी दिन से होती है, जो शक्ति उपासना का पर्व है। सभा में उपस्थित विद्वानों ने कहा कि हमें अपनी संस्कृति के प्रति जागरूक रहना चाहिए और समाज में सही जानकारी प्रसारित करनी चाहिए। इस अवसर पर लोगों से अपील की गई कि वे अपने परिवार और समाज में हिंदू नव वर्ष को लेकर जागरूकता बढ़ाएं और इसे धूमधाम से मनाएं।


