भास्कर न्यूज |गढ़वा जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त शेखर जमुआर ने वित्तीय वर्ष 2024-2025 की समाप्ति के दृष्टिकोण से कोषागार कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कोषागार कार्यालय पहुंचकर कोषागार पदाधिकारी प्रशांत मिंज से कोषागार में प्राप्त सभी बिल की सिलसिलेवार जानकारी प्राप्त की। बिल को ससमय पारित किया जा रहा है या नहीं इसका भी कंप्यूटर से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कोषागार पदाधिकारी सहित प्रधान सहायक और लिपिक को निर्देश दिया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 की समाप्ति को देखते हुए कोषागार में जो भी बिल प्राप्त हो रहे हैं उसे उसी तिथि में पारित करना सुनिश्चित करें। उस तिथि को प्राप्त सभी बिल नियमानुसार पारित करने के बाद ही कोषागार बंद करेंगे। ताकि बिल पारित होने के अभाव में राशि व्ययगत ना हो। साथ ही उपायुक्त ने जिले के सभी निकासी व व्ययन पदाधिकारियों को भी निर्देश दिया है कि 29 मार्च के दोपहर तीन बजे तक अपने कार्यालय से संबंधित प्राप्त आवंटन के विरुद्ध नियमानुसार बिल तैयार कर कोषागार कार्यालय में जमा करें। उन्होंने कहा कि वित्त विभाग, झारखंड सरकार के आदेश के अनुसार 29 मार्च को दोपहर तीन बजे के बाद कोषागार में कोई भी बिल नहीं लिए जाएंगे। यदि इस स्थिति में किसी भी कार्यालय में पूर्व से प्राप्त आवंटन की राशि व्ययगत होती है तो इसकी संपूर्ण जिम्मेवारी संबंधित निकासी व व्ययन पदाधिकारी की होगी।


