भास्कर न्यूज | दंतेवाड़ा महावीर विकलांग सहायता समूह जयपुर का अथक प्रयास लगन एवं समाजसेवा करने का जज्बा देखते ही बनता है। गुरुवार को बचेली में पालिका के मंगल भवन प्रांगण में भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति एवं कल्पतरु प्रोजेक्ट इंटरनेशनल लिमिटेड सीएसआर के संयुक्त प्रयास से कई लोगों को निशुल्क वह खुशी वापस मिली जिन्हें उन्होंने किसी न किसी हादसे में खो दी थी। लिस्ट लंबी है परन्तु हम कुछ लोगों के बारे में जानकारी देंगे जिनको संस्था ने उनकी खोई हुई खुशियां लौटाई है। प्रेशर आईईडी से पैर की एड़ी गवां चुके जवान को भी कृत्रिम अंग लगा चलाया धुरली निवासी राकेश मरकाम ने बताया कि वह डीआरजी बटालियन बस्तर फाइटर का जवान है अरनपुर के पास रात्रि गश्त में लैंडमाइन में पैर आ जाने से हुए धमाके की वजह से उसका पैर चला गया। इलाज के लिए रायपुर भेजा गया जहां डाक्टरों ने कोशिश की परंतु उसका दाएं पैर की एड़ी को नहीं बचा पाए। जवान के चेहरे में हौसला साफ बयान कर रहा था कि वह फिर से फोर्स ज्वाइन करेगा और देश की रक्षा करेगा। जवान को संस्था द्वारा फिलहाल विकल्प के तौर पर एक कृत्रिम पैर लगाया गया है जिससे वह आसानी से चल फिर सकता है। संस्था के प्रमुख व्यास जी ने बताया कि जवान को परमानेंट पैर लगवाने जयपुर स्थित हमारी संस्था के कार्यालय में आना होगा वहां रहने खाने की सारी निशुल्क व्यवस्था है। उन्नत तकनीक की मशीनों से जवान का पैर बनाकर लगा दिया जायेगा जिससे वह आसानी से चल फिर एवं दौड़ भी सकेगा।


