नियमित भर्ती के लिए अक्टूबर 2023 में निकली थी वैकेंसी:सालभर बाद भी कॉलेजों में लैब अटेंडेंट की भर्ती नहीं, अब आउटसोर्सिंग होगी

प्रदेश के सरकारी कॉलेजों में लैब अटेंडेंट के लिए नियमित भर्ती अक्टूबर 2023 में निकली थी। सालभर बाद भी यह पूरी नहीं हुई है। अब आउटसोर्सिंग के माध्यम इन पदों पर सेवाएं ली जाएंगी। इसी फार्मूले से लैब टेक्नीशियन की भर्ती भी होगी। इसके लिए संभागस्तररीय विज्ञापन जल्द जारी होगा। इसे लेकर उच्च शिक्षा विभाग से तैयारी की जा रही है। राज्य के 335 सरकारी कॉलेज हैं। इनमें से कई कॉलेजों में लैब ताे है, लेकिन इसके लिए लैब टेक्नीशियन और लैब अटेंडेंट नहीं है। जैसे-तैसे इनका संचालन हाेता है। इसे लेकर उच्च शिक्षा विभाग ने पिछले साल अक्टूबर में लैब अटेंडेंट के लिए वैकेंसी निकाली। आवेदन भी मंगाए गए। बाद में भर्ती परीक्षा के आयोजन की जिम्मेदारी व्यापमं को दी गई। लेकिन सालभर से ज्यादा होने के बाद भी भर्ती परीक्षा नहीं हुई। वहीं दूसरी ओर बीए, बीकॉम, बीएससी समेत यूजी फर्स्ट ईयर में राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू हुई है। इसके पाठ्यक्रम में प्रैक्टिकल पर जाेर दिया गया है। लेकिन लैब का संचालन सही तरीके से नहीं होने छात्रों को परेशानी हो रही है। इसे लेकर आउटसोर्सिंग के माध्यम इन पदों पर सेवाएं लेने की तैयारी की जा रही है। वित्त विभाग से भी इसके लिए सहमति मिल गई है। जानकारी के मुताबिक जिन काॅलेजाें में इन दाेनाें पदाें की ज्यादा जरूरत हाेगी उन्हें छात्र संख्या, प्रयोगशाला के निर्धारित मापदंड के अनुसार चिंहित किया जाएगा। प्रयोगशाला तकनीशियन के 419 और प्रयाेगशाला परिचारक के 790 पद आउटसोर्सिंग से भरे जाएंगे। लैब अटेंडेंट की नियमित भर्ती में अभी और देरी राज्य के सरकारी काॅलेजाें में लैब अटेंडेंट समेत ग्रेड-4 के अन्य पदों पर नियमित भर्ती होगी। यह भर्ती करीब 14 महीने में भी पूरी नहीं हो पाई है। इसमें अभी और देरी होगी। दरअसल, व्यापमं को इस परीक्षा के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। परीक्षा के लिए व्यापमं से तैयारी भी की गई। लेकिन चिप्स से अनुबंध समाप्त होने और अन्य कारणों की वजह से यह परीक्षा आयोजित नहीं हो पाई। संभावना है कि यह परीक्षा फरवरी-मार्च 2025 में होगी। परीक्षा में देरी होने से युवाओं में नाराजगी है। 880 पदों के लिए यह वैकेंसी निकली थी। इसके लिए 7 लाख से अधिक आवेदन मिले हैं। 880 पदों के लिए निकली थी वैकेंसी उच्च शिक्षा विभाग में ग्रेड-4 के तहत कुल 880 पदों के लिए पिछले साल वैकेंसी निकली थी। इसमें प्रयोगशाला परिचारक के लिए सबसे अधिक 430 पोस्ट है। भृत्य के 210 पद। चौकीदार के 210 और स्वीपर के 30 पद शामिल हैं। सभी पदों की भर्ती परीक्षा व्यापमं से होगी। यह 100 अंकों की होगी। सभी ऑब्जेक्टिव सवाल पूछे जाएंगे। परीक्षा दो घंटे की होगी। प्रयोगशाला परिचारक की परीक्षा में विज्ञान, भारत व छत्तीसगढ़ के सामान्य अध्ययन पर आधारित प्रश्न पूछे जाएंगे। जबकि अन्य पदों की परीक्षा में सामान्य ज्ञान, छत्तीसगढ़ का इतिहास एवं स्वतंत्रता आंदोलन में छत्तीसगढ़ का योगदान, छग का भूगोल, जलवायु, जनगणना, पर्यटन स्थल, छग का प्रशासनिक ढ़ाचा, पंचायती राज पर आधारित प्रश्न पूछे जाएंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *