भास्कर न्यूज | कवर्धा जिला अस्पताल कवर्धा परिसर में 50 बेडेड क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल का निर्माण किया जाएगा। परिसर में जहां सुधा देवी धर्मशाला था, उसे तोड़ा जा रहा है। उसकी जगह पर क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल बनाएंगे। वहीं धर्मशाला में संचालित डायलिसिस सेंट को अस्पताल परिसर में बने ट्राइएज भवन में शिफ्ट कर दिया गया है। अस्पताल परिसर में जहां सुधा देवी भवन है, वहीं पर इसका निर्माण किया जाएगा। फिलहाल धर्मशाला को तोड़ा जा रहा है। क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल के लिए 16.63 करोड़ रुपए स्वीकृत हो चुका है। छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेस कॉर्पोरेशन लिमिटेड (सीजीएमएससी) इसे बनाएगा। क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल का निर्माण कार्य डेढ़ साल में पूरा करने का लक्ष्य है। धर्मशाला को डिस्मेंटल करने के हफ्ते 10 दिन बाद क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल का का निर्माण शुरू हो जाएगा। इसके बनने से इमरजेंसी मेडिकल सुविधाएं मिल सकेंगी। गंभीर रोगियों व घायलों का यहां पर होगा इलाज यह हॉस्पिटल आधुनिक उपकरणों और सुविधाओं से लैस होगा। आईसीयू की सुविधा रहेगी। गंभीर रोगियों और घायलों का इलाज यहां किया जाएगा। सीएमएचओ डॉ. बीएल राज ने बताया कि क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल निर्माण के बाद जिले में गंभीर बीमारियों के इलाज में सुविधा होगी। घायलों को दीगर शहरों में नहीं जाना पड़ेगा। क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल में अत्याधुनिक आईसीयू सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे गंभीर मरीजों को बेहतर इलाज मिलेगी। डायलिसिस सेंटर को नई जगह में किया शिफ्ट जिला अस्पताल के धर्मशाला में डायलिसिस सेंटर संचालित हो रहा था। उक्त डायलिसिस सेंटर को परिसर में 67 लाख की लागत से बने ट्राइएज बिल्डिंग में शिफ्ट कर दिए हैं। डायलिसिस सेंटर में किडनी के मरीजों को राहत मिल रही है। दिसंबर 2024 की स्थिति में यहां 87 मरीजों को 7,620 बार डायलिसिस की सुविधा दी जा चुकी है। इस सुविधा से मरीजों को बड़ी राहत मिल रही है। अन्यथा इसी के लिए बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था।


