संबल योजना ने विमला बैगा को जीवन में आगे बढ़ने का किया मार्ग प्रशस्त
अनूपपुर। जीवन में कई बार विपरीत परिस्थितियाँ आकर हमें तोड़ने की कोशिश करती हैं, लेकिन सही समय पर मिला सहारा नई राह दिखा सकता है। ऐसी ही एक कहानी है, अनूपपुर जिले के जैतहरी विकासखण्ड के ग्राम बर्री की रहने वाली विमला बैगा की, जिनके परिवार को मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल 2.0) योजना ने आर्थिक सहायता प्रदान कर जीवन में आगे बढ़ने का मार्ग प्रशस्त किया है। हितग्राही विमला बैगा के खाते में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा सिंगल क्लिक के माध्यम से संबल योजना के तहत 2 लाख रुपए की राशि अंतरित की गई। हितग्राही विमला बैगा ने बताया कि उनके पति रमेश कुमार बैगा दूसरों के खेतों में मजदूरी एवं खेती का कार्य करके परिवार का भरण पोषण करते थे। लेकिन पति रमेश कुमार बैगा का निधन ब्रेन हेमरेज के कारण हो गया। जिससे उनके ऊपर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा तथा उनकी आर्थिक स्थिति बिगड़ गई, परंतु पति का नाम मुख्यमंत्री जन कल्याण (संबल 2.0) योजना में पंजीकृत था। उनकी मृत्यु के बाद योजना के तहत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सिंगल क्लिक से 2 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता राशि खाते में जमा कराई। हितग्राही विमला बैगा कहती हैं यह राशि हमारे लिए किसी वरदान से कम नहीं है। इस राशि से बच्चों की पढ़ाई में मदद मिलेगी तथा कृषि जैसे अन्य जरूरी कार्यों में सहूलियत होगी। जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी तथा उनके बच्चों के भविष्य को संवारने का अवसर भी प्राप्त होगा। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. यादव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस योजना ने उनके जैसे असहाय परिवारों को फिर से अपने पैरों पर खड़े होने का मौका दिया है।


