गढ़वा जिला अंतर स्कूल क्रिकेट प्रतियोगिता में बीएनटी संत मैरी ने अगले चक्र में प्रवेश किया

भास्कर न्यूज|गढ़वा जिला पब्लिक स्कूल समन्वय समिति के तत्वावधान में गोविंद हाई स्कूल के मैदान में खेले जा रहे 23वीं गढ़वा जिला अंतर स्कूल क्रिकेट प्रतियोगिता में बीएनटी संत मैरी स्कूल की टीम ने जिला शिक्षा निकेतन को 84 रनों से डीपीएस जूनियर की टीम ने डीएवी मॉडल को 104 रनों से हराकर अगले चक्र में प्रवेश किया। मैच से पूर्व डीएसपी नीरज कुमार ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और सिक्का उछाल कर मैच प्रारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने खिलाड़ियों का संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में अपने लक्ष्य तक पहुंचने के लिए कड़ी मेहनत के अलावा और कोई रास्ता नहीं है। हर क्षेत्र में सफलता के लिए अच्छे स्वास्थ्य की आवश्यकता होती है और स्वस्थ वही रहेगा जो प्रतिदिन खेलकूद के साथ-साथ योग करेगा। पहले मैच में बीएनटी संत मैरी की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवरों में 3 विकेट खोकर 160 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। जिसमें नक्की का 32 और सक्षम का 16 रन का योगदान रहा। जिला शिक्षा निकेतन की ओर से सुहेल और रिशु ने 1-1 विकेट प्राप्त किया। जवाबी पारी खेलने उतरी जिला शिक्षा निकेतन की टीम रोहित के 16 अरमान के 15 और अभिषेक के 14 रनों के सहयोग से निर्धारित ओवरों में 9 विकेट खोकर 76 रन ही बना पाई। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार बीएनटी संत मैरी के नक्की को दिया गया। दूसरे मैच में डीएवी मॉडल स्कूल ने टॉस जीतकर प्रतियोगिता में पहली बार खेल रहे। डीपीएस जूनियर को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए डीपीएस जूनियर के आर्यन के अर्धशतक 66 रन और उमाकांत के 10 रनों के सहयोग से निर्धारित ओवर में 6 विकेट पर 176 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। डीएवी मॉडल स्कूल की ओर से रितिक कुमार ने 3 विकेट लिया। जवाबी पारी खेलने उतरी डीएवी मॉडल की टीम ने निर्धारित ओवर में सूर्या के 12 रन के सहयोग से 9 विकेट खोकर 72 रन ही नहीं बना पाई। डीपीएस जूनियर की ओर से फिराज ने 4 विकेट लिया। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार डीपीएस जूनियर के आर्यन को दिया गया। इस मौके पर उपाध्यक्ष दीपक, सचिव आनंद सिन्हा, सह सचिव प्रिंस सोनी, अभिषेक द्विवेदी, रोहन तिवारी, मनीष उपाध्याय, अजित सिन्हा, आकाश कुमार, धीरज, रोहित प्रजापति मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *