पंजाब के लुधियाना जिले के खन्ना में गेहूं खरीद सीजन की तैयारियां तेज हो गई हैं। एशिया की सबसे बड़ी अनाज मंडी खन्ना में एसडीएम ने खरीद एजेंसियों और आढ़तियों के साथ बैठक की। सीजन 1 अप्रैल से शुरू होगा। एसडीएम डा. बलजिंदर सिंह ढिल्लों ने किसान सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया है। मंडी में किसानों के बैठने की उचित व्यवस्था की जाएगी। पीने का साफ पानी और शौचालय की सुविधा उपलब्ध होगी। मंडी में सफाई का विशेष ध्यान रखा जाएगा। आढ़तियों को तिरपाल का प्रबंध करना होगा वहीं बारिश से फसल की सुरक्षा के लिए आढ़तियों को तिरपाल का प्रबंध करना होगा। खरीद एजेंसियां पहले से ही बारदाने का इंतजाम करेंगी। गेहूं की लिफ्टिंग में देरी नहीं होनी चाहिए, इसके लिए ट्रांसपोर्ट ठेकेदारों को सख्त निर्देश दिए गए हैं। खन्ना मेन मंडी के अलावा राहोण पार्ट ए-बी, दहेड़ू, रायपुर राजपूतां, ईसड़ू और रोणी में भी गेहूं की खरीद होगी। पिछले साल 10 लाख 43 हजार 944 क्विंटल गेहूं की खरीद हुई थी। इस बार आवक बढ़ने की उम्मीद है। सरकार के सामने उठा कमीशन का मुद्दा आढ़ती एसोसिएशन के अध्यक्ष हरबंस सिंह रोशा ने मुख्यमंत्री भगवंत मान का आभार जताया। उन्होंने कहा कि मान पहले ऐसे मुख्यमंत्री हैं, जिन्होंने आढ़तियों के कमीशन का मुद्दा केंद्र सरकार के सामने रखा। दो दिन पहले उन्होंने केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी से मिलकर यह मुद्दा उठाया। आढ़तियों ने पंजाब सरकार को पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया है।


