कलानौर | गुरदासपुर पुलिस के थाना कलानौर की बंद पुलिस चौकी बख्शीवाल के पास बुधवार देर रात बम फेंक धमाका किया। खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स की तरफ से सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर धमाके की जिम्मेदारी ली गई है। रणजीत सिंह जम्मू और जसविंदर सिंह बाग्गी उर्फ मन्नू अगवान ने कहा कि धमाका उन्होंने करवाया है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह ग्रेनेड हमला है। बता दें कि 15 दिन पहले पुलिसकर्मियों की कमी को देखते हुए चौकी को बंद कर दिया गया था। थाना कलानौर से सारा काम देखा जा रहा था। कलानौर के डीएसपी गुरविंदर सिंह ने बताया कि बुधवार देर रात थाना कलानौर की बंद पड़ी पुलिस चौकी बख्शीवाल के पास बाइक पर 2 युवक आए। उन्होंने बम नुमा कोई वस्तु फेंककर ब्लास्ट किया और फरार हो गए। चौकी बंद थी इसलिए किसी तरह का कोई नुकसान नहीं हुआ है। फॉरेंसिक टीमों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। इलाके में बैरिकेडिंग कर दी गई है। पुलिस अफसरों व कर्मचारियों को अलर्ट रहने के आदेश दिए गए हैं। गौरतलब है 6 दिन पहले थाना घनिएके बांगर में भी बम फेंका गया था। चेतावनी- दीवारें कितनी भी ऊंची करो, धमाके जारी रहेंगेखालिस्तानी आतंकी हैप्पी पशियां के साथी जीवन फौजी का एक ऑडियो वायरल हो रहा है। इसमें वह पुलिस को चेतावनी दे रहा है कि थानों व चौकियों की दीवारों को कितना भी ऊंचा कर लें, लेकिन धमाके जारी रहेंगे। डिफेंसिव मोड में आई पंजाब पुलिस सांसद औजला ने केंद्र को लिखी चिट्ठी… अमृतसर. सांसद गुरजीत सिंह औजला ने कहा कि एक महीने में पंजाब में 5-6 ग्रेनेड हमले हुए हैं, जिनमें से 4 अकेले अमृतसर में हुए हैं। उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिख मांग की है कि स्थिति का तुरंत आकलन करें और केंद्रीय खुफिया व सुरक्षा एजेंसियों को तैनात करें। संजय तिवारी, अमृतसर | 26 दिन में पंजाब में थानों-चौकियों पर 8 ग्रेनेड हमले हो चुके हैं। अब बचाव के लिए अमृतसर, तरनतारन, गुरदासपुर आैर पठानकोट के थानों आैर पुलिस चौकियों की बाउंड्री वॉल को ऊंचा करने के अलावा इन्हें ढकने के लिए तिरपाल और फाइबर चादर का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। ताकि बम थाने के अंदर न गिरे। अमृतसर के विजय नगर चौकी को तिरपाल से ढक दिया गया है। थाना वल्ला की दीवारों पर फाइबर चादर लगाई गईं। बटाला एसएसपी दफ्तर आैर साथ में लगते थाना सिविल लाइन में दीवार 5 फीट ऊंची ऊंची कर दी गई हैं।


