भास्कर न्यूज | जालंधर शहर में लगने वाले स्ट्रीट वेंडरों से अब नई दरों के हिसाब से फीस ली जाएगी। इसका आधार निगम ने वेंडरों की लोकेशन को बनाया है। हाउस से इस प्रस्ताव को मंजूरी मिल चुकी है। अब चंडीगढ़ से हरी झंडी मिलने का इंतजार है। अप्रैल के पहले हफ्ते में नई फीस के हिसाब से वेंडरों से फीस लेना निगम शुरू करेगा। नई दरों के अनुसार, हजार से तीन हजार रुपए तक की फीस ली जाएगी। मालूम हो कि निगम हद में फल-सब्जी, फास्ट फूड, घरेलू वस्तुओं समेत अन्य सामान बेचने वाले करीह 20 हजार से अधिक वेंडर हैं। इनसे निगम हर महीने एक तयशुदा फीस लेता है। अर्बन स्टेट और आदर्श नगर के वेंडरों से तीन हजार रुपए तक की फीस ली जाती है। नए वित्तीय वर्ष में तहबजारी ब्रांच का लक्ष्य चार करोड़ कर दिया है, जो पुराने वित्तीय वर्ष में डेढ़ करोड़ था। इसकी वजह निगम का आर्थिक संकट से जूझना है। इसलिए राजस्व वसूली पर फोकस किया जा रहा है। वेंडरों की फड़ों पर क्यूआर कोड लगाए जाएंगे, जिससे वेंडर खुद ही फीस जमा कर सकेंगे। इसके लिए निगम वेंडरों का सर्वे भी कर रहा है। तहबजारी सुपरिंटेंडेंट अश्वनी गिल ने बताया कि चंडीगढ़ से इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलना बाकी है। जैसे ही मंजूरी मिल जाएगी, लोकेशन के हिसाब से फीस लेने का काम शुरू कर दिया जाएगा। सिटी की लाडोवाली रोड पर स्ट्रीट वेंडर। सिटी में निगम दो लोकेशनों पर वेंडिंग जोन भी बनाएगा। इसके लिए हाउस से मंजूरी मिल चुकी है। यहां पर वेंडरों के लिए पीने का पानी, एलईडी लाइटें, शौचालय आदि की भी सुविधा होगी। निगम प्रथम चरण में सुदामा मार्केट, पीपीआर मॉल, पिम्स के सामने, बसअड्डा, फोकल पॉइंट और भईयां मंडी में वेंडिंग जोन बनाए जाएंगे। इसके लिए जल्द ही टेंडर प्रक्रिया भी शुरू होगी। इनके निर्माण पूरा होने पर दूसरी चयनित साइटों पर काम शुरू होगा।


