भास्कर न्यूज | अमृतसर गांव कुरालिया में घर में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों ने नया पैंतरा अजमाया। पहले परिवार के एक सदस्य को कॉल करके उन्हें किसी मामले में नामजद होने का कहकर पुलिस की रेड होने वाली कहा, जिसके बाद परिवार डर के कारण घर को लॉक करके चला गया। जब वापस आए तो घर में सामानों की चोरी हो चुकी थी। हालांकि इस मामले में थाना रमदास की पुलिस ने कॉल पर बात करने वाले के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपी की पहचान मदूछांगा के रहने वाले धीर सिंह रूप में हुई है, जबकि दूसरा अज्ञात है। पुलिस को दी शिकायत में कुरालिया की रहने वाली मानसी ने बताया कि 27 मार्च रात 9 बजे एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने अपना नाम धीर सिंह बताते हुए कहा कि एक केस में उनका नाम दर्ज हुआ है, पुलिस उनके घर पर रेड करने वाली है। जिसके बाद वह घर को ताला लगाकर मौसी के घर चले गए। जब वापस घर आए तो देखा कि इन्वर्टर, बैटरी और सिलेंडर चोरी हो गए थे।


