भोपाल में क्रिसमस से लेकर साल के आखिरी दिन तक तेज ठंड पड़ती ही है। इस अवधि में 16 साल में 13 बार न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे पहुंचा। इस बार भी यही ट्रेंड बरकरार रहने की संभावना है। 2008 से लेकर 2023 तक 16 साल में सिर्फ 2013 और 2023 में ही ऐसा हुआ जब साल के इस आखिरी हफ्ते में पारा 10 डिग्री से नीचे ही नहीं आया। बाकी 13 वर्षों में न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री से 9.6 डिग्री तक पहुंच गया था। इन 15 वर्षों में सबसे तेज ठंड 2018 में पड़ी थी। तब पारा 4.9 डिग्री तक पहुंच गया था। मिल रहे संकेतों के मुताबिक यदि आने वाला वेस्टर्न डिस्टरबेंस मजबूत रहा और पहाड़ों पर अच्छी बर्फबारी हुई तो इस बार दिसंबर के आखिरी हफ्ते में 17 साल की सबसे ज्यादा ठंड पड़ सकती है। इस बार नवंबर और दिसंबर में रिकॉर्डतोड़ ठंड पड़ी है। आखिरी हफ्ते में भी यह सिलसिला बना रह सकता है। इस ट्रेंड की खास वजह यह दिसंबर का आखिरी हफ्ता होता है। इससे पहले ही विंड पैटर्न सेट हो जाता है। दिसंबर के दूसरे पखवाड़े से वेस्टर्न डिस्टरबेंस की फ्रीक्वेंसी बढ़ जाती है। इसके आने से पहाड़ों पर बर्फबारी होती है। फिर वहां जब बर्फ पिघलती है तब वहां से हमारे यहां बर्फीली हवा आती है। इस कारण क्रिसमस से लेकर साल के आखिरी दिन तक भोपाल में अच्छी ठंड पड़ती है। दूसरे दिन भी 6 डिग्री पार ही रहा पारा… इधर शहर में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री दर्ज किया गया। 24 घंटे में इसमें सिर्फ 0.2 डिग्री का इजाफा हुआ। इसके बावजूद यह सामान्य से 3.9 डिग्री कम रहा। गुरुवार सुबह 11:00 तक शहर में अच्छी ठंडक बनी हुई थी। फिर शाम ढलने के कुछ देर पहले से ठंडक बढ़ गई थी। पिछले 6 दिन में यह अजब संयोग रहा कि 2 दिन पारा 3 डिग्री के आसपास, 2 दिन 4 डिग्री के आसपास और अब 2 दिन 6 डिग्री के आसपास रहा।


