मालवीय नगर स्थित मेडी स्कैन एमआरआई सेंटर में महिलाओं की निजता से खिलवाड़ करने का गंभीर मामला सामने आया है। यहां चेंजिंग रूम में मोबाइल छिपाकर महिलाओं के गाउन बदलने के दौरान वीडियो बनाए जा रहे थे। जहांगीराबाद निवासी एक व्यक्ति गुरुवार दोपहर 1 बजे जब पत्नी के साथ यहां पहुंचे, तब इसका खुलासा हुआ। पत्नी को चेंजिंग रूम में छत पर मोबाइल फोन दिख गया। उन्होंने पति को बुलाकर जांच की तो फोन में रिकॉर्डिंग चालू थी और 27 मिनट का वीडियो पहले ही रिकॉर्ड हो चुका था। इसमें कई महिलाओं के आपत्तिजनक फुटेज मिले। आरोप है कि जब महिला और उनके पति ने इसका विरोध किया तो पैथालॉजी लैब स्टाफ ने पति से मारपीट की। इसके बाद दोनों ने नजदीकी थाने में पहुंचकर पुलिस को सारा घटनाक्रम बताया। पुलिस ने लैब का चेंजिंग रूम सील कर दिया है। 3 महीने पहले काम पर रखे कर्मचारी पर शक 22 वर्षीय कर्मचारी विशाल ठाकुर को पुलिस ने हिरासत में लिया है। उसके मोबाइल से कई अश्लील वीडियो बरामद हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, जांच की जा रही है कि रिकॉर्ड किए गए वीडियो किससे शेयर किए गए? क्या इन्हें सोशल मीडिया पर अपलोड किया गया?


