भोपाल, रानी कमलापति, संत हिरदाराम नगर, गुना, बीना, इटारसी, हरदा, विदिशा, नर्मदापुरम स्टेशनों पर गुरुवार सुबह से दोपहर तक किलाबंदी टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान अनियमित और बिना टिकट यात्रा करते 1549 यात्री पकड़ कर 8 लाख 66 हजार 985 रुपए जुर्माना वसूला गया। भोपाल मंडल द्वारा अधिकृत यात्रियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने तथा रेल राजस्व में वृद्धि करने इस तरह के अभियान चलाए जा रहे हैं। 104 टिकट चैकिंग स्टॉफ: भोपाल मंडल के नौ स्टेशनों भोपाल, रानी कमलापति, संत हिरदाराम नगर, गुना, बीना, इटारसी, हरदा, विदिशा, नर्मदापुरम स्टेशनों पर एकसाथ गुरुवार सुबह 6 से दोपहर 2 बजे तक कमर्शियल विभाग के 10 सुपरवाइजर, 104 टिकट चैकिंग स्टाफ के सहयोग से किलाबंदी टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। सुपरवाइजर टिकट चैकिंग स्टॉफ की निगरानी में चलाए गए अभियान के दौरान स्टेशन के बाहर निकलने वाले रास्तों की घेराबंदी की गई, ताकि कोई भी यात्री बिना जांच के स्टेशन के बाहर न जा सकें। 153 ट्रेनें चेक की गईं किलाबंदी टिकट चेकिंग अभियान के दौरान स्टेशनों पर आने-जाने वाली कुल 153 गाड़ियों के यात्रियों के टिकट की जांच की गई। जांच के दौरान बिना टिकट यात्रा करने वाले कुल 730 यात्री पकड़े गए, जिनसे 4 लाख 68 हजार 395 रुपए बतौर किराया/ जुर्माना वसूला किया गया। अनुचित टिकट लेकर यात्रा करने वाले कुल 806 यात्री पाए गए, जिनसे 3 लाख 96 हजार 190 रुपए किराया व जुर्माना वसूल किया गया।


