भास्कर न्यूज | दुमका शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के प्रतापुर गांव के बाहर शनिवार शाम एक पेड़ से 28 साल के सीताराम मरांडी का शव लटका मिला। वह अंबाजोड़ गांव का रहने वाला था। रविवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने यूडी केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। मृतक के भाई सरोज मरांडी ने बताया कि सीताराम मजदूरी कर परिवार चलाता था। शनिवार सुबह काम की तलाश में घर से निकला था। शाम तक नहीं लौटा तो खोजबीन शुरू की गई। इसी दौरान उसका शव पेड़ से लटका मिला। भाई का जांघ और पैर छिला हुआ था। घसीटने के निशान थे। दोनों घुटने जमीन से सटे थे। जिस पेड़ से शव लटका मिला, वह इतना मजबूत नहीं था कि कोई उस पर लटककर जान दे सके। सरोज ने कहा कि हत्या कर शव को पेड़ से लटकाया गया है। पुलिस को दिए आवेदन में हत्या की आशंका जताई गई है। थाना प्रभारी अमित लकड़ा ने बताया कि जांच की जा रही है।


