रांची समेत राज्य के कई क्षेत्रों में रविवार की शाम ईद का चांद नजर आया। इमारत ए शरिया रांची, बिहार ओडिशा व पटना ने भी ईद का चांद नजर आने की सूचना दी है। अब 31 मार्च (सोमवार) को झारखंड समेत पूरे देश में ईद मनाई जाएगी। निर्धारित समय के अनुसार ईदगाहों व मस्जिदों में ईद की नमाज अदा की जाएगी। ईद के चांद का दीदार होते ही लोगों ने एक-दूसरों को ईद का चांद नजर आने की मुबारकबाद दी। देर रात तक शहर में बाजार गुलजार रहे। रांची का मेन रोड और डेली मार्केट इलाका रोशनी से चमकता रहा। खरीदारों की भीड़ इतनी थी कि पैर रखने की जगह तक नहीं बची।


