भास्कर न्यूज | अमृतसर शहर के प्रवेश द्वार गोल्डन गेट से लेकर एलिवेटेड रोड तक करीब 3 किलोमीटर के दायरे में दोनों साइड बनाए गए फुटपाथ मेंटेनेंस न होने के कारण खराब हो चुके हैं। जबकि फुटपाथ पर कई जगहों पर अवैध कब्जे भी किए गए हैं। जिससे शहर के लोग इन फुटपाथों का इस्तेमाल नहीं कर पा रहे हैं। शहर को सुंदर बनाने के लिए निगम ने स्मार्ट सिटी के तहत गोल्डन गेट से लेकर एलिवेटेड रोड तक खजूर के पेड़ लगाने के साथ-साथ फुटपाथ तैयार किए थे। जीटी रोड होने के कारण लोगों के पैदल चलने के लिए दोनों साइड फुटपाथ का निर्माण करवाया गया था। ताकि लोग फुटपाथ पर पेड़ों की छांव में सैर कर सकें। लेकिन आज के समय में फुटपाथ पर अवैध कब्जे होने के साथ-साथ कोई भी मेंटेनेंस का काम नहीं हो रही हैं। जिसके चलते फुटपाथ जगह-जगह से टूट चुके हैं और झाड़ियां उगी हुई हैं। लोगों के पैदल चलने का रास्ता भी नहीं हैं।


