तेलो | सरस्वती शिशु विद्या मंदिर तेलो में चैत्र शुक्ल प्रतिपदा (हिन्दू नव वर्ष) के अवसर पर विद्यालय के भैया-बहनों के द्वारा प्रभात फेरी निकाली गई। इसमें भारत माता की झांकी के साथ-साथ नव वर्ष मंगलमय हो का उद्घोष किया गया। प्रभात फेरी में भैया-बहनों के साथ-साथ विद्यालय प्रबंध कारिणी समिति के सचिव संतोष कुमार, पतंजलि तेलो के कमल महतो, विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश कुमार पांडेय, सभी आचार्यगण, कर्मचारी एवं सामाजिक कार्यकर्त्ता उपस्थित रहे। प्रभात फेरी के बाद विद्यालय में वंदना स्थल पर दीप प्रज्वलन के साथ वर्ष प्रतिपदा (नववर्ष ) का कार्यक्रम प्रारंभ हुआ। प्रधानाचार्य राजेश कुमार पांडेय ने इस अवसर के महत्व को बताते हुए कहा कि इस समय प्रकृति में भी नयापन है, चारों ओर नव पल्लव एवं नए-नए पुष्प लगे हैं। इसके बाद वंदना स्थल पर अमृत वचन, सुभाषित एवं संघ प्रार्थना और सम्पूर्ण वंदना की गई। फिर सभी भैया- बहनों एवं अभिभावकों के बीच वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित किए गए। साथ ही अभिभावकों के समक्ष प्रत्येक कक्षा के प्रथम, द्वितीय, तृतीय स्थान पर रहे भैया -बहनों को पुरस्कृत किया गया। मौके पर विद्यालय के सचिव संतोष कुमार, अभिभावक प्रतिनिधि राजेश चंद्र मंडल, सदस्य दिनेश प्रसाद वर्णवाल आदि उपस्थित थे।


