छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में नववर्ष की शोभायात्रा के दौरान बड़ा हादसा हो गया। यहां DJ की तेज आवाज से एक मकान का छज्जा भरभरा कर गिर गया, जिससे पांच लोग घायल हो गए। इनमें एक बच्चे की इलाज की दौरान मौत हो गई। वहीं, चार को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना मस्तूरी थाना के मल्हार चौकी क्षेत्र की है। हिंदू नववर्ष पर शहर से लेकर गांव-गांव में शोभायात्रा निकाली गई। मल्हार में भी युवकों ने नववर्ष पर शोभायात्रा निकाली थी। इस दौरान युवक गांव का भ्रमण करने निकले थे। घटना रात रविवार करीब 8.30 बजे केंवटपारा की है। अभी शोभायात्रा मोहल्ले में पहुंची थी, जहां पर युवक DJ की धुन पर थिरक रहे थे। तेज आवाज से गिरा मकान का छज्जा, 5 घायल केंवटपारा में DJ की तेज आवाज के दौरान कंपन से टुकेश केंवट के मकान का छज्जा अचानक भरभराकर गिर पड़ा। जिससे वहां खड़े लोग मलबे की चपेट में आ गए। इस हादसे में पांच लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए मस्तुरी अस्पताल ले जाया गया। घायलों में चंद्रशेखर केंवट (25), प्रशांत केंवट (11), दीपक केंवट (15), दीपेश केंवट (14) और हेमंत कैवर्त (13) शामिल हैं। घायलों को यहां प्राथमिक उपचार के बाद 3 की हालत गंभीर देख उन्हें बिलासपुर जिला अस्पताल रेफर किया था। इलाज के दौरान एक बच्चे की मौत घायलों में 2 बच्चों की हालत गंभीर थी, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान प्रशांत केंवट (11) की मौत हो गई। मल्हार चौकी पुलिस DJ संचालक की तलाश कर मामले की जांच में जुट गई है। वहीं, बच्चे की मौत के बाद शव का पंचनामा और पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। …………………. ये खबर भी पढ़ें… छत्तीसगढ़ में 3 भाइयों को पीट-पीटकर मार डाला: गणेश पंडाल में DJ पर डांस को लेकर दो पक्षों में चले लाठी-डंडे, चाकू; कई घायल छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में शनिवार देर रात गणेश पंडाल में डांस को लेकर दो गुटों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। 2 सगे भाइयों सहित 3 लोगों की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इस दौरान हुई चाकूबाजी में कई लोग घायल भी हुए हैं। एक की हालत गंभीर है। मामला नंदनी थाना क्षेत्र का है। पढ़ें पूरी खबर


