सगे भाइयों की हत्या का आरोपी गिरफ्तार:पत्नी को देखने पर डांटा था; बुआ के लड़कों ने की थी हत्या; मुख्य आरोपी फरार

गुना के फतेहगढ़ क्षेत्र में दो सगे भाइयों की हत्या के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हत्या के दो आरोपी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। अब केवल घटना का मुख्य आरोपी फरार है। पत्नी को देखने पर युवक ने बुआ के लड़के को डांटा, तो बुआ के लड़कों ने ही दोनों की हत्या कर दी थी। बता दें कि, फतेहगढ़ इलाके के खोरी गांव निवासी प्रताप बारेला (30) अपने भाई बबलू और अनिल के साथ रविवार शाम 7 बजे ट्यूबवेल से मोटर निकाल रहे थे। पास में ही ट्रैक्टर खड़ा था। तभी ट्रैक्टर के पीछे से पतली मार गांव निवासी वाले उनकी बुआ के लड़के सुरभ सिंह, प्रहलाद, ब्यार सिंह और गंगा सिंह फरसा, लुहांगी और अन्य हथियार लेकर आए और तीनों भाइयों पर हमला कर दिया। चारों मिलकर तीनों भाइयों पर टूट पड़े। इस दौरान एक भाई ने भागकर अपनी जान बचाई। वहीं बाकी दोनों भाइयों प्रताप और बबलू पर आरोपी लगातार हमला करते रहे। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद सभी लोग भाग गए। सबसे छोटे भाई अनिल ने परिवार वालों को सूचना दी और वे मौके पर पहुंचे। पुलिस को भी सूचना दी गई। पुलिस ने दोनों शवों को जिला अस्पताल भिजवाया। सोमवार सुबह जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम किया गया। पत्नी को देखने पर हुआ था विवाद छोटे भाई अनिल ने बताया कि एक हफ्ते पहले बबलू और उसकी पत्नी गांव से दो किलोमीटर दूर खेत पर बनी टपरिया पर सो रहे थे। तभी बुआ का लड़का सुरभ सिंह उसे छिपकर देख रहा था। इसके बाद बबलू ने उसे देख लिया। उसने सुरभ को डांट लगा दी। इसके बाद सुरभ को वहां से भगा दिया। इसके बाद उसने घटना का बदला इस तरह से लिया। एक और आरोपी गिरफ्तार SP ने मामले में तत्काल आरोपियों की तलाश कर गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। SDOP विवेक अष्‍ठाना के नेतृत्‍व में फतेहगढ़ थाना प्रभारी SI जयनरायण शर्मा अपनी टीम के साथ आरोपियों की तलाश में लग गए। मुखबिर से सूचना प्राप्‍त होने पर फतेहगढ़ थाना पुलिस द्वारा कार्रवाई करते हुए हत्‍या के तीसरे आरोपी प्रहलाद पिता राय सिंह बारेला (22) निवासी ग्राम पतलीमार को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या के दो आरोपियों गंदास पिता राय सिंह बारेला (24) और वियार सिंह पिता राय सिंह बारेला (18) निवासी ग्राम पातलीमार को दो दिन पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। अब केवल एक मुख्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगी हुई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *