सिटी रिपोर्टर | रांची वित्तीय वर्ष 2024-25 की समाप्ति सोमवार को हो गई। लेकिन इस वित्तीय वर्ष में रांची नगर निगम ने होल्डिंग टैक्स वसूलने का नया रिकॉर्ड बना दिया है। रांची के लोगों की सजगता से यह संभव हो पाया है। चालू वित्तीय वर्ष की समाप्ति के अंतिम दिन सोमवार को कुल 897 करदाताओं ने 91,45,230 रुपए का भुगतान किया। इस तरह शहर के कुल 1,67,372 टैक्स पेयर ने पूरे वित्तीय वर्ष के दौरान कुल 80,64,37,113 रुपए होल्डिंग टैक्स का भुगतान किया है। यह राशि पिछले वित्तीय वर्ष के दौरान जमा हुई राशि से 10.24 करोड़ अधिक है। पिछले वित्तीय वर्ष में रांची नगर निगम को होल्डिंग टैक्स के रूप में 70 करोड़ 39 लाख 63 हजार 175 रुपए मिले थे। इस बार 80 करोड़ 64 लाख 37 हजार 113 रुपए हो गए हैं। वहीं, वाटर यूजर चार्ज के रूप में 12 करोड़ 2 लाख 91 हजार 970 रुपए और 18,370 ट्रेड लाइसेंस से 2 करोड़ 16 लाख 38 हजार 840 रुपए प्राप्त हुए। इसी के साथ रांची नगर निगम पूरे राज्य में सबसे अधिक टैक्स कलेक्शन करने वाला निकाय हो गया है। निगम के प्रशासक संदीप कुमार सिंह ने कहा कि रांची के लोगों ने अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए टैक्स का भुगतान किया है। टैक्स की राशि से सभी वार्ड में टूटी जर्जर सड़कों व अधूरी नालियों का निर्माण होगा।


