अलवर शहर कोतवाली थाना क्षेत्र में एक युवक को रिक्शा से उतारकर लाठियों से मारपीट का मामला सामने आया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि कमेटी के पैसों के लेन-देन का विवाद है। पीड़ित शेरू सिंह निवासी बुध विहार ने पुलिस में रिपोर्ट दी है। रिपोर्ट में बताया- 30 मार्च की रात 8:30 बजे वह भगत सिंह सर्किल से ई-रिक्शा में बैठकर घर लौट रहा था। अम्बेडकर सर्किल पर कुछ युवकों ने आकर रिक्शा रुकवाया। जबरन रिक्शे से नीचे उतारा। उसके बाद खुद की बाइक पर जबरन बैठाकर अग्रसेन चौराहे पर सुनसान जगह ले गए। वहां लाठियों से मारपीट की। पीड़ित का आरोप है- उसने एक कमेटी चलाई थी, जो उसके नाम पर खुली थी। आरोपियों को उसमें पैसे जमा कराने था लेकिन वे आनाकानी कर रहे थे। पहले फोन पर धमकियां दी। उसके बाद 30 मार्च को हमला कर दिया। अब पीड़ित और उसके बच्चों को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। हमलावर रवि सिंह और गुड्डू सिंह, दोनों पुत्र हरनू सिंह निवासी टिठोड़ा मोहल्ला, स्कीम नंबर 2, अलवर हैं।


