हिन्दू नववर्ष: भगवा ध्वज लिए युवाओं ने निकाली शोभायात्रा

भास्कर न्यूज | हसौद भारतीय हिंदू नववर्ष के पावन पर्व पर मां महामाया की धरा हसौद में श्रद्धा और भक्ति का अनोखा संगम देखने को मिला। हसौद में विशाल शोभायात्रा निकाली गई और महामाया मंदिर में महाआरती का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। आयोजन ने न केवल हसौद बल्कि आसपास के गांवों से भी श्रद्धालुओं को आकर्षित किया। हजारों लोगों की भागीदारी ने इसे एक यादगार धार्मिक उत्सव बना दिया। शोभायात्रा की शुरुआत हसौद के बजरंग चौक से हुई, जो मिलन चौक और मंडी चौक से होते हुए हुए महामाया मंदिर पहुंची। श्रद्धालुओं ने हाथ में भगवा ध्वज लिए जय श्री राम के नारे लगाएं और एक-दूसरे को हिंदू नव वर्ष की शुभकामनाएं दी। शोभायात्रा में आकर्षक झांकियां भी शामिल रहीं जिसमें स्थानीय कन्याओं ने राधा-कृष्ण और गोपियों का रूप धारण किया। उनके मनमोहक स्वरूप ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। स्कूटी पर कन्याओं ने भगवा ध्वज थामे जय श्री राम के नारे लगाए, जिससे माहौल भक्तिमय हो गया। शोभायात्रा में भगवान शिव का रूप धारण किए एक युवक की झांकी भी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। झांकी को देखकर श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो गए। आयोजन में दलगत राजनीति से ऊपर उठकर भाजपा, कांग्रेस और जनता कांग्रेस सहित विभिन्न दलों के नेता शामिल हुए। सभी ने एकजुट होकर कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान दिया। हसौद के विभिन्न चौक-चौराहों पर शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया। व्यापारियों और नागरिकों ने खाने-पीने की सामग्री वितरित कर श्रद्धालुओं की सेवा की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *